• Thu. Oct 29th, 2026

सिंधिया ने भरा राज्यसभा के लिए नामांकन, शिवराज और प्रभात झा रहे साथ

BySurendra Jain

Mar 13, 2020

भोपाल। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा में शामिल होने के दो दिन बाद राज्यसभा के लिए पर्चा भर दिया है। सिंधिया के पर्चादाखिला के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राज्यसभा सांसद प्रभात झा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव मौजूद रहे।
भोपाल नहीं पहुंचे सिंधिया समर्थक विधायक
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को सिंधिया के पर्चादाखिला के दौरान बंगलूरू में रूके बागी विधायकों के भोपाल पहुंचने की संभावना थी। हालांकि, वे नहीं पहुंच सके। वहीं कमलनाथ ने दावा किया है कि सरकार को कोई खतरा नहीं है।
मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए घमासान
भाजपा में शामिल होते ही सिंधिया को मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। वहीं कांग्रेस ने उनके खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। अगर आंकड़ों पर गौर करें तो ये दोनों दिग्गज नेता आसानी से जीत हासिल कर लेंगे।
मध्यप्रदेश से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। कांग्रेस ने फूल सिंह भारिया तो भाजपा ने सुमेर सिंह सोलंकी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
कमलनाथ ने भाजपा पर लगाया विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को राज्यपाल लालजी टंडन से मुलाकात कर भाजपा पर विधायकों की खरीद फरोख्त करने का आरोप लगाया। उन्होंने राज्यपाल को एक पत्र सौंपकर भाजपा की शिकायत की। उन्होंने कोरोना के कारण मध्यप्रदेश के बजट सत्र के टलने की किसी भी संभावना से इनकार किया। बता दें कि मध्यप्रदेश में 16 मार्च से विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा।
बहुमत परीक्षण के लिए कमलनाथ तैयार
मध्यप्रदेश में चल रहे सियासी संकट के बीच कमलनाथ ने विधानसभा में बहुमत परीक्षण के लिए तैयार हो गए हैं। उन्होंने कहा है कि स्पीकर द्वारा की गई तारीख को वह विधानसभा के आगामी सत्र में बहुमत परीक्षण कराने के लिए तैयार हैं।
पार्टी बदलते ही सिंधिया ने ट्विटर पर पीएमओ, शाह और भाजपा को किया फॉलो
सिंधिया ने भाजपा में शामिल होते ही ट्विटर पर भी अपना पाला बदल लिया है। उन्होंने पीएमओ, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा को फॉलो करना शुरू कर दिया है। हालांकि उन्होंने अबतक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फॉलो नहीं किया है। जबकि पीएम मोदी सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उनको फॉलो कर रहे हैं।

You missed

error: Content is protected !!