रतलाम। रविवार-सोमवार की रात धोलावाड़-उमर फंटे पर रतलाम से बाजना की और जा रहे एक शिक्षक को अज्ञात लोगों ने कुल्हाड़ी से हमला कर लूट लिया। घायल शिक्षक को बाद में गश्त पर निकली रावटी पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल के अनुसार बदमाश उसके पास से करीब छह हजार रुपए लूट कर ले गए।
जानकारी के अनुसार लूट की वारदात बाजना क्षैत्र के घावड़ादेह निवासी अजय पिता सूरज 40 वर्ष के साथ हुई। जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती अजय ने बताया कि वह बाजना के बीकसन में सरकारी स्कूल मे शिक्षक है। उसके बच्चें रतलाम मे पढते है। रविवार को वह अपने बच्चों को छात्रावास में भर्ती कराने आया था। रात में वह अपने मामा के लड़के अशोक के साथ मोटर साइकल पर रतलाम से घर लौट रहा था। अजय के अनुसार धोलावाड़ के पास उमर फंटे पर एक स्पीड ब्रेकर के कारण उसने मोटर साइकल धिमी की, इसी दौरान 8-10 लोग अचानक आए और उसके साथ मारपीट शुरु कर दी। बदमाशों ने उसके हाथ पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। अजय के अनुसार बदमाश उसके पाससे छह हजार रुपए ले गए। घटना के बाद अजय के साथ मौजूद अशोक मोटर साइकल से घायल अजय को आगे एक मंदिर पर ले गया और पानी पिलाया, इसी दौरान रावटी थाने का वाहन गश्त पर करते हुए गुजरा, उसे रोककर पुलिस जवानों को वारदात की जानकारी दी और बाद मे एम्बुलेंस से रात करीब एक बजे अजय को जिला अस्पताल लाई, जहां उसका इलाज शुुरु हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घटना स्थल के आसपास तलाशी की, लेकिन कोई नहीं मिला। घायल अजय के अनुसार कुछ बादमाश झाडिय़ों में भी थे और मारपीट कर रहे बदमाश उनको आवाज भी लगा रहे थे। पुलिस ने फिलहाल अजय के बयान लिए है।
