नई दिल्ली। भारत और मेजबान न्यूजीलैंड के बीच माउंट मॉन्गनुई के बे ओवल में 5 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला गया। इस मैच को भी भारतीय टीम ने अपने नाम किया और सीरीज में मेजबान टीम न्यूजीलैंड का 5-0 से सफाया कर दिया। भारत ने ये मुकाबला 7 रन से जीता।
इसी के साथ भारत 5 मैचों की T20I सीरीज 5-0 से जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई। टी20 सीरीज खत्म होने के बाद अब दोनों देशों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी, जिसका पहला मैच 5 फरवरी को हैमिल्टन में खेला जाएगा।
सीरीज के आखिरी टी20 मैच में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और निर्धारित 20 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट खोकर 163 रन बनाए। भारत की ओर से कप्तान रोहित शर्मा ने नाबाद 60 रन की पारी खेली जो रिटायर्ड हर्ट हुए। वहीं, केएल राहुल 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि श्रेयस अय्यर 33 और मनीष पांडे 11 रन बनाकर नाबाद रहे।
उधर, 164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर खेलकर 9 विकेट खोकर 156 रन बना सकी और मैच 7 रन से हार गई। न्यूजीलैंड की ओर से 100वां टी20 मैच खेलते हुए रोस टेलर ने 53 रन और टिम साइफर्ट ने 50 रन की पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 3, नवदीप सैनी और शार्दुल ठाकुर ने 2-2 विकेट झटके। ये मैच भारत की ओर से रोहित की कप्तानी में शुरू हुआ, लेकिन केएल राहुल की कप्तानी में खत्म हुआ।
164 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड को पहला झटका मार्टिन गप्टिल के रूप में लगा जो 2 रन बनाकर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर lbw आउट हो गए। अगले ही ओवर में दूसरे ओपनर कोलिन मुनरो 6 गेंदों में 15 रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। वहीं, चौथे ओवर में टॉम ब्रूस बिना खाता खोले संजू सैमसन के थ्रो पर केएल राहुल की मदद से रन आउट हो गए।
कीवी टीम को चौथा झटका टिम साइफर्ट के रूप में लगा जो 30 गेंदों पर 50 रन बनाकर नवदीप सैनी की गेंद पर सैमसन के हाथों कैच आउट हुए। बुमराह ने डैरेल मिचेल को दो रन पर क्लीन बोल्ड कर दिया। कीवी टीम को छठा झटका मिचेल सैंटनर के रूप में लगा जो 6 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर की गेंद पर मनीष पांडे के हाथों कैच आउट हुए। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर शार्दुल ने स्कॉट कुग्लाइन को सुंदर के हाथों आउट कराया।
नवदीप सैनी ने 18वें ओवर की पहली ही गेंद पर रोस टेलर को 53 रन के निजी स्कोर पर चलता किया और मैच को भारत में की ओर पूरी तरह से मोड़ दिया। 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने विपक्षी कप्तान टिम साउदी को 6 रन के स्कोर पर बोल्ड कर मेजबानों को 9वां झटका दिया।
ऑलराउंडर शिवम दुबे को इस मैच के कप्तान केएल राहुल ने पारी का दसवां ओवर फेंकने को दिया। उस समय न्यूजीलैंड को वापसी की तलाश थी। इसी ओवर में शिवम दुबे ने 4 छक्के और 2 चौके खाकर कुल 34 रन दिए और मैच का रुख कीवी टीम की ओर लगभग पलट गया था। हालांकि, बाद में टीम इंडिया ने वापसी भी की।
भारतीय टीम के लिए पारी की शुरुआत केएल राहुल और संजू सैमसन ने की। हालांकि, संजू सैमसन 2 रन के निजी स्कोर पर दूसरे ही ओवर में कुग्लाइन की गेंद पर आउट हो गए। बाद में कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल ने पावरप्ले के 6 ओवर में मिलकर 53 रन बनाए। 96 रन के टीम के कुल स्कोर पर केएल राहुल 45 रन बनाकर बेनेट की गेंद पर सैंटनर के हाथों कैच आउट हुए।
दाएं हाथ के बल्लेबाज और इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे रोहित शर्मा 60 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। रोहित शर्मा को क्रैंप आया है और उनको चलने में परेशानी हो रही थी। वहीं, उनकी जगह बल्लेबाजी करने आए शिवम दुबे 5 रन बनाकर कुग्लाइन की गेंद पर टॉम ब्रूस के हाथों कैच आउट हो गए।
टीम इंडिया के नियमित कप्तान विराट कोहली और न्यूजीलैंड के नियमित कप्तान केन विलियमस इस मैच में बेंच पर बैठे हैं। विराट की जगह रोहित शर्मा और विलियमसन की जगह टिम साउदी आज अपनी-अपनी टीमों के कप्तान हैं।
भारतीय टीम में टी20 सीरीज के लिए एक बदलाव किया गया है। कप्तान विराट कोहली ने खुद को आराम दिया है, जबकि रोहित शर्मा ने पिछले मैच में आराम किया था। ऐसे में भारतीय टीम में यही एक बदलाव है। विराट कोहली कप्तान रोहित शर्मा के रूप में मैदान पर आए हैं। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
केएल राहुल (विकेटकीपर), संजू सैमसन, रोहित शर्मा (कप्तान), श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, मनीष पांडे, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र, जसप्रीत बुमराह, नवदीप सैनी, शार्दुल ठाकुर।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन
मार्टिन गप्टिल, कोलिन मुनरो, टॉम ब्रूस, रोस टेलर, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ईश सोढ़ी, मिचेल सेंटनर, टिम साउदी(कप्तान), हमिश बेनेट और स्कॉट कुग्लाइन।
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 5-0 से हराकर रचा इतिहास, 7 रन से जीता आखिरी मैच
