• Wed. Sep 16th, 2026

पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, अगले 48 घंटों और गिरेगा तापमान

BySurendra Jain

Jan 10, 2020

नई दिल्ली। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड में इजाफा हुआ है।
दरअसल, मौसमी उतार चढ़ाव के बीच न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आनी शुरू हो गई है। इससे ठिठुरन भरी ठंड का दौर भी फिर लौट रहा है। अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में और गिरावट आ सकती है। वहीं, शुक्रवार सुबह से चल रही सर्द हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण दिल्ली में ठंडी हवा चल रही है। हालांकि 12 और 13 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार-शनिवार को सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6 और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
आने वाले दिनों में ठंडी हवा का कहर और बढ़ने का अनुमान है। वहीं, ठंड और कोहरे के चलते दिल्ली आने जाने वाली 23 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।
शनिवार-रविवार को बारिश के आसार
मौसम विज्ञान विभाग की ताजा भविष्यवाणी के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान शनिवार- रविवार को फिर से दिल्ली में बारिश हो सकती है। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के साथ पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दक्षिण हरियाणा में ठंड में थोड़ा इजाफा हो सकता है।
बर्फबारी से 6 डिग्री से नीचे जा सकता है न्यूनतम तापमान
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के अनुमान है कि आने वाले दिनों में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस या इससे भी नीचे तक जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को दिन में चली ठंडी हवा के कारण दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। जाफरपुर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 6.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी तरफ अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 66 से 100 फीसद रहा।
दिल्ली एनसीआर का प्रदूषण रहा नियंत्रण में
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बृहस्पतिवार को भी दिल्ली-एनसीआर का वायु प्रदूषण नियंत्रण में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी एयर बुलेटिन के अनुसार बृहस्पतिवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स महज 203 दर्ज किया गया। एनसीआर की बात करें तो नोएडा में एयर इंडेक्स 238, फरीदाबाद में 220, गाजियाबाद में 256, ग्रेटर नोएडा में 268 और गुरुग्राम में 124 दर्ज किया गया। गुरुग्राम को छोड़कर सभी जगह खराब श्रेणी की हवा दर्ज की गई, जबकि गुरुग्राम में यह सामान्य स्तर पर रही।

error: Content is protected !!