रतनगढ़/सरवानिया महाराज (नीमच)। नीमच जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार नीमच-सिंगोली रोड स्थित गांव जनकपुर में सरकारी स्कूल की बाउंड्रीवॉल के समीप रविवार सुबह दो पतले कपड़े में लिपटी दो दिन की बालिका मिली। सर्द मौसम में पत्थरों के बीच पड़ी बालिका को देख गांव के शैलू राठौर ने डीकेन पुलिस चौकी प्रभारी एसआई ओएल बारिया को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार इसके बाद पुलिस ने बालिका को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रतनगढ़ भेजा, वहां से जिला अस्पताल नीमच रेफर कर दिया गया। चौकी प्रभारी बारिया ने बताया कि बालिका के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे।
जानकारी के अनुसार अज्ञात महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। जावद विकासखंड के बीएमओ डॉ. राजेश मीणा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बालिका दो दिन की है और वजन करीब डेढ़ किलो है। सर्दी से उसके शरीर का तापमान जरू कम हो गया था। प्राथमिक इलाज के बाद वह ठीक है।
अज्ञात महिला के खिलाफ प्रकरण
‘रतनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जनकपुर में सरकारी स्कूल की बाउंड्रीवॉल के नजदीक पत्थरों के बीच से एक बालिका मिली है। ग्रामीणों की सूचना पर रतनगढ़ में इलाज कराने के बाद उसे नीमच भेजा है। बालिका को कोई चोट नहीं आई। मौका पंचनामा बनाने के बाद पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ भादवि की धारा 188 में प्रकरण दर्ज कि या है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।- ओएल बारिया, चौकी प्रभारी डीकेन
सर्द मौसम में पत्थरों के बीच मिली दो दिन की बालिका
