खबर पक्की : मुंबई 12 दिसंबर,देश में इन दिनों अर्थव्यवस्था की हालत अच्छी नहीं है। इसी बीच रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने बैंकों से चुनौतियों सेते लिए तैयार रहने को कहा है। बुधवार को बैंकों से गवर्नर ने कहा कि मौजूदा आर्थिक परिस्थितियां उनके समक्ष कुछ चुनौतियां खड़ी कर सकती है इसलिये बैंकों को पूरी मुस्तैदी के साथ इनका मुकाबला करने के लिये तैयार रहना चाहिये। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के प्रमुखों के साथ बातचीत में दास ने इस बात पर भी गौर किया कि बैंकिंग क्षेत्र में सुधार आ रहा है और यह मजबूत बना हुआ है। रिजर्व बैंक गवर्नर की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जबकि सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि वर्ष की दूसरी तिमाही में छह साल के निचले स्तर 4.5 प्रतिशत पर पहुंच गई है।
रिजर्व बैंक ने इसे देखते हुये चालू वित्त वर्ष की आर्थिक वृद्धि का अनुमान भी कम करके पांच प्रतिशत कर दिया। रिजर्व बैंक की यहां जारी विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘गवर्नर ने इस बात पर गौर किया है कि बैंकिंग क्षेत्र में कुछ सुधार आया है और मौजूदा आर्थिक स्थिति में कुछ चुनौतियां खड़ी होने की आशंका के बावजूद क्षेत्र में मजबूती बनी हुई है। उन्होंने बैंकों से कहा कि वह उभरती चुनौतियों का मुकाबला करने के लिये पूरी तरह से मुस्तैद रहें।
आर्थिक सुस्ती के बीच RBI गवर्नर ने बैंकों से कहा- आ सकती हैं चुनौतियां, रहें तैयार
