भोपाल। कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में 50 लाख रूपए जीतने वाली मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में बतौर तहसीलदार पदस्थ रही अमिता सिंह तोमर एक बार फिर सुर्खियों में है। अमिता सिंह तोमर ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मप्र शासन की ट्रांसफर नीति पर सवाल खड़े किए है। उन्होंने लिखा है- लोग पहले मुझे कौन बनेगा करोड़पति वाली मेडम कहते थे, लेकिन अब ट्रांसफर वाली मेडम के नाम से मेरी पहचान बन गई है। 14 साल की नौकरी में 9 वां जिला और 25 वां ट्रांसफर किया गया है।
अमिता सिंह तोमर ने खबर पक्की डॉट कॉम से बातचीत में इस पत्र की पुष्टी की है। उन्होंने बताया कि राजगढ़ जिले के ब्यावरा में तहसीलदार के तौर पर 6 अप्रैल 2017 को ही ज्वाइनिंग की थी, 3 महीने में ही यहां से स्थानांतरित कर 800 किलोमीटर दूर सीधी जिले में भेज दिया गया है। अमिता सिंह तोमर के अनुसार शासन की ओर से कहा गया था कि इस बार ट्रांसफर ऑनलाइन होंगे और आवेदकों को पहले इसकी सूचना दी जाएगी, लेकिन इस प्रक्रिया को ताक पर रख दिया गया। अमिता सिंह तोमर के अनुसार मुझे हर बार मानसिक प्रताड़ित करने के लिए पदस्थापना के जिले से सैकड़ो किलोमीटर दूर पदस्थ किया गया। इसी की शिकायत प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर की है। गौरतलब है कि अमिता सिंह तोमर बतौर तहसीलदार रतलाम, सीहोर, भिंड, देवास, श्योपुर, उज्जैन, राजगढ़ और सीधी जिले में पदस्थ रह चुकी है। रतलाम और उज्जैन जिले में उनका कार्यकाल विवादों में भी रहा, इन्हीं विवादों के कारण उनका स्थानांतरण किया गया।
