• Wed. Nov 4th, 2026

आरटीओ में बाबू का तबादला हुआ तो विरोधियों ने बजवाए ढोल

BySurendra Jain

Jul 12, 2017

रतलाम। रतलाम आरटीओ कार्यालय में दलाली और गुटबाजी पहले से ज्यादा बढ़ गई है। बुधवार दोपहर कार्यालय के बाहर कुछ लोगों ने एक बाबू का ट्रांसफर होने पर कार्यालय के बाहर ढोल बजवाए और पटाखे चलाए। उक्त बाबू को कुछ महीने पहले ही सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण में लापरवाही करने पर निलंबित किया गया था लेकिन वे हाइकोर्ट से स्थगन आदेश लाकर पुन: काम करने लगे थे।

मंगलवार रात जारी आरटीओ कर्मचारियों की तबादला सूची में आरटीओ रतलाम में पदस्थ लिपिक सजन सिंह को रतलाम से स्थानांतरित कर होशंगाबाद भेजने के आदेश हुए है। सजन सिंह करीब 14 साल से रतलाम में पदस्थ है, बीच में एक बार उनका तबादला देवास आरटीओ हुआ था, यहां 14 महीने काम करने के बाद वे पुन: रतलाम में पदस्थ हो गए थे। लिपिक सजन सिंह के पास लेखा और स्थापना का चार्ज है, 27 मई को सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण में लापरवाही पर उन्हें निलंबित कर दिया गया था। सूत्रों की माने तो वर्तमान प्रभारी आरटीओ संतोष मालवीय भी लिपिक सजन सिंह से नाराज है, यही वजह है कि हाइकोर्ट से स्थगन आदेश लाने के बाद सजन सिंह को किसी तरह का चार्ज नहीं दिया गया था। बुधवार दोपहर लिपिक के विरोधियों ने कार्यालय के बाहर करीब 1 घंटे तक ढोल बजवाकर और पटाखे चलाकर लिपिक सजन सिंह के ट्रांसफर पर खुशी जाहिर की। इस मामले में लिपिक सजन सिंह का कहना है कि वे ढोल बजवाने वाले किसी व्यक्ति को नहीं जानते, हो सकता है कि कुछ दलालों ने मुझे बदनाम करने के लिए यह कृत्य किया है। ऐसे लोगों के खिलाफ मैं यथोचित कानूनी कार्रवाई करूंगा।

error: Content is protected !!