• Wed. Sep 30th, 2026

यूपी में हिंदू महासभा नेता कमलेश तिवारी की हत्या, दिनदहाड़े मारी गोली

BySurendra Jain

Oct 18, 2019

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भले ही राज्य सरकार अपराधियों पर कानून का शिकंजा कसने की बात कहती हो लेकिन लखनऊ में शुक्रवार को दिनदहाड़े हिंदू महासभा के नेता कमलेश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कमलेश को आरोपियों ने चाकू से हमला करने के साथ ही गोली भी मारी और मौके से फरार होने में कामयाब रहे। गंभीर घायल तिवारी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। शरीर में चाकू के 15 से अधिक वार हैं। वारदात के बाद उनके समर्थकों में गुस्सा है और इसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को लखनऊ नाका थाना क्षेत्र में स्थित खुर्शीद बाग में हिन्दू महासभा के नेता कमलेश तिवारी को बेखौफ बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाश मिठाई के डिब्बे में गन और चाकू लेकर आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस वक्त तिवारी पर हमला हुआ उस वक्त उनका गनर साथ नहीं था। हमलावर आए और उनके दफ्तर में घुसकर तिवारी पर हमला कर दिया और फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दो लोगों ने पहले कमरे में चाय पी और फिर मिठाई के डिब्बे से कट्टा निकालकर फायर भी किया।
बता दें कि कमलेश तिवारी विवादों में भी रह चुके हैं। उन पर एक बार विवादास्पद बयान की वजह से रासुका भी लग चुका है वहीं उनके खिलाफ फतवा भी जारी हो चुका है।
घटना के बाद से जिला प्रशासन सतर्क सभी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को जिलाधिकारी ने अलर्ट रहने को कहा है। एसपी कलानिधी के अनुसार शुरुआती जांच में यह आपसी रंजिश का मामला लग रहा है। घटना के वक्त तिवारी का गनर नीचे खड़ा था।

You missed

error: Content is protected !!