धर्म डेस्क। यदि किसी दुर्घटना में आपकी हड्डी में फ्रेक्चर आ जाए तो आप सीधे किसी डॉक्टर के पास जाएंगे। हजारों रूपयों का खर्च होगा, अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा और कई दिनों की काम से छूट्टी से अलग। दर्द के मारे छटपटाते हुए भगवान भी जरूर याद आएंगे, मध्यप्रदेश में तो एक ऐसा भी मंदिर है जहां हड्डी टूटने पर भक्त डाक्टर के बजाए सीधे हनुमानजी की प्रतिमा के दर्शन करने पहुंचता है। मान्यता है- यहां आकर दर्शन और प्रसाद(जड़ी) लेने पर टूटी हड्डी स्वत: ही जुड़ने लगती है और दर्द से भी निजात मिल जाती है।
भगवान हनुमानजी का यह चमत्कारी मंदिर मध्यप्रदेश में कटनी जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर मोहास गांव में स्थित है। इलाके में इसे हड्डी जोड़ने वाले हनुमानजी का मंदिर कहा जाता है। मंगलवार-शनिवार को यहां भक्तों की भीड़ जुटती है। दूर-दूर से रोगी को लेकर परिजन यहां पहुंचते है। भगवान की प्रतिमा के सामने ही पुजारी द्वारा प्रसाद रूपी जड़ी खिलाई जाती है इसके बाद रोगी को आराम मिलने लगता है। कुछ लोगों ने प्रसाद रूपी जड़ी को मंदिर बाहर ले जाकर सेवन करना चाहा लेकिन कोई लाभ नहीं मिला। यह स्पष्ट हो गया कि जड़ी भी केवल तभी काम करती है जब वह हनुमानजी के सामने ही ग्रहण की जाए।
