धर्म डेस्क। मंदिर या किसी भी अन्य धार्मिक स्थल पर चप्पल-जूते, सैंडिल लेकर प्रवेश नहीं कर सकते है, लेकिन क्या आप जानते है मध्यप्रदेश में ही एक ऐसा भी मंदिर है जहां विराजित देवी को उनके भक्त चप्पल और सेंडिल अर्पित करते है। यहां देश के कई हिस्सों से चप्पले, सेंडिल चढ़ानें के लिए भेजी जाती है।
यह मंदिर भोपाल शहर में कोलार इलाके में पहाड़ी पर बना हुआ है। मंदिर में देवी दुर्गा की प्रतिमा स्थापित है। इसके अलावा यहां भगवान शिव-पावर्ती की प्रतिमाएं भी है। इस मंदिर को सिद्धदात्री पहाड़ावाली माताजी के नाम से जान जाता है। भक्त इसे मां जीजाबाई का मंदिर भी कहते है। इस मंदिर में देवी दुर्गा को भक्त पुत्री के रूप में पूजते है, ठीक बेटी की ही तरह उनके कपड़े बदले जाते है, बेटी को दी जाने वाली वस्तुएं अर्पित की जाती है। लोग यहां आते है, मन्नत मांगते है और उसके पूरा हो जाने के बाद चप्पले, सेंडिल, चश्मा, बच्चियों के कपड़े जैसी वस्तुएं अर्पित करते है। देवी को अर्पित इन वस्तुओं को बाद में जरूरतमंद लोगों को बांट दिया जाता है।
