पटना। पूर्व रेल मंत्री और राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेनामी संपत्ति को लेकर मुश्किलें बढ़ गयी हैं। शुक्रवार सुबह से ही सीबीआई इस सिलसिले में दिल्ली, पटना, रांची, पुरी और गुरुग्राम के 12 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। लालू यादव की बेनामी संपत्ति को लेकर भाजपा नेता सुशील मोदी लगातार खुलासा करते रहे हैं। सीबीआई ने 2006 में रेलमंत्री रहे लालू प्रसाद यादव, पत्नी राबड़ी देवी, उनके बेटों के साथ आइआरसीटीसी के अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। समाचार एजेंसियों के मुताबिक, इन सभी लोगों पर रांची और पुरी में रेलमंत्रालय द्वारा होटल बनाने के लिए जारी टेंडर में धांधली का आरोप है।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के 12 ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी के बाद राजधानी पटना में स्थित 10 सर्कुलर रोड स्थित लालू आवास पर लगातार भीड़ बढ़ती गई। आवास के आस-पास भारी संख्या में कार्यकर्ता पहुंच गए। लालू के आवास के पास जमा हुए कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह सबकुछ साजिश के तहत अंजाम दिया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि कण-कण में लालू हैं और उनकी रैली पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। राजद के प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि चाहे कोई कुछ भी कर ले, हम लोगों का एक ही लक्ष्य है कि 2019 में संविधान को किसी तरह बचा लिया जाये।
