• Mon. Aug 17th, 2026

मोर चोरी के आरोप में भीड़ ने एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या की

BySurendra Jain

Jul 20, 2019

नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच में मोर चोरी के आरोप में भीड़ ने एक बुजुर्ग शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी। ये पूरा वाकया कुकड़ेश्वर थाने के तहत आने वाले लसूडिया आतरी गांव का है। यहां देर रात गांववालों ने कुछ लोगों को मोर के साथ रंगे हाथ पकड़ा। इस दौरान भीड़ ने दो लोगों की पिटाई कर दी। इसमें से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने दस ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जांच भी शुरू कर दी है। मरने वाले शख्स के पास से चार मरे हुए मोर बरामद हुए हैं। पूरे मामले की बारीकी से जांच की जाएगी।
बता दें कि एक दिन पहले ही नीमच से ही ऐसा ही एक और मामला सामने आया था। जब भीड़ ने बकरा चुराकर ले जा रहे तीन लोगों की जमकर पिटाई की थी। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ था। जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर दो युवक एक बाइक पर बकरा लेकर जा रहे थे। लेकिन भादवा माता मंदिर के पास उनकी फिसल गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोग युवकों को जैसे ही उठाने लगे तो उन्होंने मौके से भागने की कोशिश की। ये देख ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने युवकों को रोककर पूछताछ शुरू कर दी।
इनके साथ बकरा होने की वजह से ग्रामीणों को चोरी की शंका हुई। बस फिर क्या था, गांववालों ने इनकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचीं और इन युवकों को भीड़ से बचाया। पुलिस ने बकरा चोरी करने के प्रयास में तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। ये युवक मंदसौर के थे।

You missed

error: Content is protected !!