जबलपुर। जबलपुर में आर्थिक अपराध शाखा ने आज भाजपा नेता प्रतीक जैन के कार शोरूम पर छापा मारा है।ईओडब्ल्यू को करोड़ों की टैक्स चोरी की शिकायत मिली थी। जिसके बाद आज टीम भाजपा नेता के कार शोरूम पर पहुंचीं और कार्रवाई को अंजाम दिया। ये कार्रवाई अंधमुख बाईपास के पास कटनी रोड पर सागर इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड नाम से संचालित हो रहे कार शोरूम पर की गई है।
बता दें कि EOW को शिकायत मिली थी कि यहां गाड़ियों को बेचने और रजिस्ट्रेशन की आड़ में बड़ी टैक्स चोरी हो रही है। इसी जानकारी के आधार पर ईओडब्ल्यू की टीम आज सुबह जीएसटी के विजिलेंस विंग के अफसरों के साथ इस शोरूम पर पहुंचीं और तमाम दस्तावेजों की जांच की। इस शोरूम में स्कोडा कंपनी की महंगी लग्जरी गाड़ियों को लोअर वेरीएंट बताकर बेचा था। फिर इसी आधार पर आरटीओ में रजिस्ट्रेशन के नाम पर कम टैक्स दिया जाता था। इससे परिवहन विभाग को करोड़ों के राजस्व का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक लंबे वक्त से टैक्स चोरी का ये पूरा खेल चल रहा था। ऐसे में टैक्स चोरी का आंकड़ा बड़ा हो सकता है। जांच टीम को आशंका है कि इसमें आरटीओ समेत इंश्योरेंस कंपनियों की भी मिलीभगत हो सकती है।
