• Sun. Aug 16th, 2026

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर वेस्टर्न रेलवे एम्पलाई यूनियन का जंगी प्रदर्शन

BySurendra Jain

Jul 6, 2019

खबर पक्की : रतलाम। भारतीय रेलों पर उत्पादन इकाइयों के नीगमीकरण एवं गाड़ी संचालन को निजी हाथों में सौंप कर निजीकरण करने के रेल प्रशासन की 100 दिन की कार्य योजना के खिलाफ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पर बरसात के दौरान रेलकर्मियों ने जंगी प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ एवं इंजीनियरिंग विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन को मंडल मंत्री श्यामबाबू श्रीवास्तव ने संबोधित करते हुए कहा कि ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर भारतीय रेलवे पर किए जा रहे लगातार प्रदर्शन के कारण सरकार ने चर्चा के रास्ते खोले और दिल्ली में ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन के महामंत्री कामरेड शिवगोपाल मिश्रा के साथ चेयरमैन रेलवे बोर्ड तथा सभी रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक कर चर्चा की। श्री मिश्रा ने चर्चा के दौरान स्पष्ट किया कि रेलों पर निजीकरण एवं नीगमीकरण कतई फेडरेशन को एवं रेल कर्मियों को बर्दाश्त नहीं होगा। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए श्री श्रीवास्तव ने कहा कि रतलाम मंडल पर बरसात में रेल कर्मियों के आवासों की व्यवस्था जर्जर है। इंजीनियरिंग विभाग को तुरंत कार्रवाई करना चाहिए। विशेष रूप से आपने डाट की पुल के लिए अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि अगर उसे सही नहीं किया गया तो यही रेलकर्मी आंदोलन के लिए मजबूर होगा। आपने आगामी सितंबर माह में होने वाले चुनाव के लिए एकमात्र गैर राजनीतिक संगठन वेस्टर्न रेलवे एंप्लाइज यूनियन को अपना बहुमूल्य मत देकर पुन: भारतीय रेलवे पर नंबर 1 का गौरव प्राप्त हो यह अपील की। प्रदर्शन को वेस्टर्न रेलवे एंप्लाइज यूनियन के केंद्रीय उपाध्यक्ष सीमा कौशिक, सहायक मंडल मंत्री नरेंद्रसिंह सोलंकी,हरदेश पांडे, मनोहर बारोट कोषाध्यक्ष शैलेश तिवारी, कामरेड प्रकाश व्यास आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर नागदा, उज्जैन, इंदौर, शुजालपुर, दाहोद, पिपलौद, बडऩगर, महू, देवास, मेघनगर, जावरा, मंदसौर, चित्तौडग़ढ़, नीमच एवं चित्तौडग़ढ़ शाखा के कर्मचारी उपस्थित थे। मीडिया प्रभारी प्रकाश व्यास ने बताया कि इस अवसर पर बनारस से स्थानांतरित होकर रतलाम मंडल पर आए असिस्टेंट लोको पायलट का यूनियन द्वारा मंच पर स्वागत किया गया। सभा के दौरान मंडल कार्यालय शाखा अध्यक्ष अशोक तिवारी, जया शर्मा, रोशन खान, बनवारीलाल मीणा, ओमप्रकाश मीणा, रंजीता वैष्णव, हेमंत मिश्रा, राजनाथ यादव, कांता तिवारी, बृजेश मिश्रा, विक्रम सिंह चौहान, मोहम्मद अफजल, अभय कौशिक आदि उपस्थित थे।
रेलवे ट्रेड यूनियन मान्यता के चुनाव माह अगस्त में होंगे
भारतीय रेलवे में ट्रेड यूनियन को मान्यता हासिल करने के लिए चुनावो से गुजरना होता है। प्रत्येक 6 वर्ष में रेलवे झोनल स्तर पर ट्रेड यूनियन को मान्यता देने हेतु चुनाव करवाती है जिसमे रेलवे में कार्यरत कर्मचारी अपनी पसंदीदा ट्रेड यूनियन को अपना मत देकर मान्यता हेतु चुनते है। वर्तमान में भारतीय रेलवे के सभी झोनल रेलवे में अधिकतम दो ट्रेड यूनियन को ही मान्यता देने का प्रावधान है किंतु कयास लगाए जा रहा था कि भाजपा समर्थित एक ट्रेड यूनियन को रेलवे में मान्यता दिलवाने के लिए रेलवे बोर्ड निर्धारित प्रचलित नियमो में बडा बदलाव करेगा किन्तु अब रेलवे बोर्ड द्वारा मान्यता हेतु जारी दिशा निर्देशो से स्पष्ट हो गया है कि रेलवे में अधिकतम दो ही ट्रेड यूनियन को मान्यता मिल सकेगी। दिशा निर्देशों के अनुसार झोनल स्तर पर होने वाले इन चुनावों में मान्यता हेतु सम्बंधित ट्रेड यूनियन को कुल मतदाता का 30 प्रतिशत अथवा कुल पढ़े मतों का 35 प्रतिशत मत हासिल करना होगा और यदि उक्त दोनों शर्ते कोई भी ट्रेड यूनियन पूर्ण नही कर पाती है तो ऐसी स्थिति में उस यूनियन को मान्यता मिलेगी जिसने अधिकतम मत प्राप्त किये हो और वह मत भी कुल मतों का 20 प्रतिशत से कम ना हो।इस प्रकार से स्थिति स्पष्ट हो गई है कि रेलवे में अधिकतम किन्ही दो ट्रेड यूनियन को ही मान्यता हासिल होगी। रेलवे बोर्ड से जारी निर्देशो में सभी झोनल मुख्यालय को माह अगस्त में चुनाव हेतु पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए गए है। सभी मंडल मुख्यालयो को 15 जुलाई तक मतदाता सूची पर दावा आपत्ति लेकर 18 जुलाई तक अपडेट मतदाता सूची तैयारकर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए है पूरी संभावना है कि अगस्त के अंतिम सप्ताह में 28 एवम 29 अगस्त को दो दिन चुनाव करवाये जावेंगे। रेलवे बोर्ड से जारी निर्देशो के अनुसार झोनल स्तर पर मुख्य कार्मिक अधिकारी मुख्य रिटर्निंग अधिकारी होंगे। मंडल स्तर पर मंडल रेल प्रबन्धक एवम रेल कारखानों में मुख्य कारखाना प्रबन्धक रिटर्निंग अधिकारी होंगे।
– प्रत्येक 35 किमी पर पोलिंग बूथ बनाया जावेगा। पोलिंग बूथ पर एक पोलिंग अधिकारी एवम एक सहायक की तैनाती की जावेगी।
– ट्रेड यूनियन के अधिकतम 2 एजेंट पोलिंग बूथ पर रह सकेंगे किन्तु एक समय पर केवल एक एजेंट ही बूथ के अंदर रह सकेगा।
– मतदाता के पास फोटोयुक्त परिचय पत्र होना आवश्यक होगा।
– चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही आचार संहिता लागू होगी एवम मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियन को प्राप्त अधिकार स्थगित कर दिए जावेंगे। रेलवे बोर्ड से लेकर मंडल स्तर तक होने वाली वार्ताएं पीएनएम आदि स्थगित रहेगी।
परे मजदूर संघ गुलाब के फूल चुनाव चिन्ह के साथ उतरेगा मान्यता के चुनाव में
परे मजदूर संघ के रतलाम मंडल मंत्री बी के गर्ग ने जानकारी दी है कि मजदूर संघ पूर्व की भांति इस बार भी गुलाब के फूल चुनाव चिन्ह के साथ रेल्वे मान्यता के चुनावों में हिस्सा लेगा। मुम्बई मुख्यालय पर मजदूर संघ के महामंत्री श्री जे जी माहुरकर द्वारा पश्चिम रेलवे के मजदूर संघ के सभी मंडल मंत्रियों को गुलाब का फूल चुनाव चिन्ह की जानकारी भेज कर चुनाव हेतु तैयार रहने को कहा गया है। उल्लेखनी है कि वर्ष 2013 में सम्पन्न चुनावों में परे मजदूर संघ ने पश्चिम रेलवे में सर्वाधिक मत प्राप्त कर प्रथम स्थान पर रहा था । मंडल मंत्री बी के गर्ग, अध्यक्ष जसविंदर सिंह ,सहायक मंडल मंत्री दीपक भारद्वाज मीडिया प्रभारी चंपालाल गड़वानी ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस बार भी मजदूर संघ कर्मचारी हित में किये गए अपने कार्यो एवम अपने सक्रिय कार्यकर्ताओ के बल पर रेलवे कर्मचारियों का विश्वास हासिल करने में सफल होगा एवम पुन: सर्वाधिक मतों के साथ प्रथम स्थान पर रहेगा।

You missed

error: Content is protected !!