नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान फेनी पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों की तरफ बढ़ रहा है। मगर, अच्छी बात यह है कि इसकी तीव्रता कम हो गई है। हालांकि, इस दौरान पश्चिम बंगाल में तेजी हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है। फेनी सुबह 3 बजे के बाद कोलकाता के खड़गपुर से टकराया और उस वक्त हवा की रफ्तर 90-100 किमी प्रतिघंटा थी। इस दौरान कईं इलाकों में ढेरों में पेड़ उखड़ गए वहीं इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।
एनडीआरएफ के डीआईजी ऑपरेशंस प्रदीप कुमार राणा ने कहा कि यह आगे बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है। स्थिति नियंत्रण में है और अधिक हानिकारक प्रभाव नहीं है। पश्चिम बंगाल में NDRF की 9 टीमें मौजूद हैं। शुक्रवार सुबह से लेकर रात तक ओडिशा में तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान फेनी अब पश्चिम बंगाल से गुजर रहा है। ओडिशा में अब तक इस तूफान की वजह से 10 लोगों के मारे जाने की सूचना है।
पश्चिम बंगाल में फेनी के पहुंचने से पहले ही शुक्रवार दोपहर से बारिश होने लगी थी। अब भी खड़कपुर व अन्य शहरों में तेज बारिश जारी है। मौमस विभाग के अनुसार यह आज शाम तक बांग्लादेश पहुंच जाएगा। बताते चलें कि शुक्रवार सुबह ओडिशा पहुंचे चक्रवाती तूफान फेनी ने ओडिशा में भीषण तबाही मचाई है।
फेनी के तांडव के चलते ओडिशा के पुरी और भुवनेश्वर अंधकार में डूब गए हैं। पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। साथ ही टेलीकॉम सर्विस भी बाधित हो गई हैं। यहां करीब 200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। जब तूफान का केंद्र पुरी में तट से टकराया तो उस समय उसकी रफ्तार 245 किमी प्रति घंटा थी, जो बाद में कमजोर पड़ती चली गई। बताया जा रहा है कि पिछले 43 साल में यह सबसे तेज गति का तूफान था।
