• Thu. Aug 13th, 2026

UP: यमुना एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराई; 9 लोगों की मौत; 25 से अधिक घायल

BySurendra Jain

Mar 29, 2019

नोएडा। देश के चर्चित यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे आगरा से नोएडा की तरफ आ रही एक यात्री बस आगे चल रहे एक डंपर में से टकरा गई। इस दुर्घटना में एक बच्चा व दो महिलाएं समेत कुल नौ लोगों की मौत हो गई। वहीं, बस में सवार करीब 25 लोग घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस समेत जिला प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए व यमुना एक्सप्रेस वे के एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को जेवर स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। यहां जांच के उपरांत डाक्टरों ने कुल नौ लोगों के मौत हो जाने की पुष्टि कर दी।

अस्पताल में कई घायलों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। बस के यात्रियों ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे हुई। दुर्घटना के समय बस के आगे चल रहे एक ट्रक का टायर फट गया। इससे ट्रक के अचानक अनियंत्रित हो जाने से पीछे से आ रही बस उसमें पीछे से टकरा गई।

बस के ट्रक से टकराते ही बस में सफर कर रहे यात्रियों के बीच चीख पुकार मच गया। वहां से गुजर वाहन चालकों ने पुलिस व यमुना एक्सप्रेस वे के टोल फ्री नंबर पर सूचना दे दी। पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे एडीएम प्रशासन दिवाकर सिंह व एसडीएम जेवर गुंजा सिंह ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की व अस्पताल पहुंच उनकी स्थिति के बारे में डाक्टरों से जायजा लिया।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर मौत के तांडव का सिलसिला थम नहीं रहा है। खूनी हो रहा एक्सप्रेस वे कोहरे के दौरान तो  अधिक ही खतरनाक होता ही है, साथ ही सामान्य दिनों में भी यहां पर भीषण सड़क हादसे हो रहे हैं।

वहीं, कमाल तो यह कि इससे बचाव के लिए एक्सप्रेस वे प्राधिकरण के पास कोई बेहतर व्यवस्था भी नहीं है। किनारों पर लगे रिफ्लेक्टर काम नहीं कर रहे हैं और रोशनी का भी कोई इंतजाम नहीं है। ऐसे में सुबह अंधेरे में भी भीषण सड़क हादसे हो रहे हैं। शुक्रवार सुबह हुआ हादसा इसी लापरवाही की तस्दीक भी कर रहा है।

बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे पर चलने वाले बिना रिफ्लेक्टर के वाहन भी खतरनाक साबित हो रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी जल्दी ही ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करने का अभियान छेड़ने की बात कह रहे हैं।

You missed

error: Content is protected !!