नईदिल्ली। पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार को विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मीरा कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा। विपक्ष के 17 दलों के नेताओं ने इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई है।
नईदिल्ली में हुई विपक्ष की इस बैठक में कांग्रेस से सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, अहमद पटेल, गुलाम नबी आजाद, ए.के. एंटनी, मल्लिकार्जुन खड़गे, बीएसपी से सतीश मिश्रा, टीएमसी से डेरेक ओ ब्रायन, समाजवादी पार्टी से रामगोपाल यादव, नरेश अग्रवाल, आरएलडी से अजीत सिंह, नेशनल कांफ्रेस से उमर अब्दुल्ला, एनसीपी से शरद पवार, प्रफुल्ल पटेल, तारिक अनवर, सीपीएम से सीताराम येचुरी, सीपीआई से डी. राजा और आरएलडी से लालू प्रसाद यादव शामिल हुए थे।
मीरा कुमार पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की पुत्री है, उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस जैसे प्रतिष्ठित कॉलेज से पढ़ाई की है। वे 1970 में भारतीय विदेश सेवा के लिए चुनी गई थी, कई देशों में राजनयिक के तौर पर अपनी सेवा दे चुकी है। मीरा कुमार की उम्र 72 वर्ष है। उनका मुकाबला भाजपा नित एनडीए के प्रत्याशी रामनाथ कोविंद से होगा।
