• Fri. Aug 14th, 2026

यातायात पुलिस द्वारा रतलाम शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के संबंध में निर्देश जारी

BySurendra Jain

Mar 9, 2019

रतलाम। यातायात पुलिस द्वारा रतलाम शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के संबंध में नवीन दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
उप पुलिस अधीक्षक यातायात विलास वाघमारे ने बताया कि सैलाना बस स्टैंड पावर हाउस रोड स्थित सब्जी मंडी में आने वाले समस्त भारी एवं हल्के वाहन 24 घंटे आ जा सकेंगे। भारी वाहनों के लिए सब्जी मंडी समिति के द्वारा स्टीकर प्रवेश पास जारी किए जाएंगे जो भारी वाहनों पर प्रदर्शित रहेंगे।
आवश्यक वस्तु दवाई, गैस, पेट्रोल, डीजल, सब्जी, फल, दूध या सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत सप्लाई करने वाले वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी। बंजली ग्राम तिराहे से अलकापुरी चौराहा, 80 फिट रोड, डोंगरे नगर कॉमर्स कॉलेज बिरियाखेड़ी होते हुए शिवगढ़, सागोद रोड से आने-जाने वाले भारी वाहन जयंत सेन धॉम, फॉरेस्ट ऑफिस, डोंगरे नगर कॉमर्स कॉलेज बिरियाखेड़ी होते हुए बाहरी मार्ग से 24 घंटे आ जा सकेंगे। सागोद रोड, फॉरेस्ट ऑफिस से बाजना बस स्टैंड चौराहा, अमृत सागर तालाब, त्रिपोलिया गेट, हरमाला रोड की ओर दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 8 बजे तक भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
रेत के डंपर, ट्राले एवं मटेरियल से भरे हुए भारी वाहन प्रताप नगर पुल से डी-मार्ट के सामने से जावरा फाटक, डोशी गांव, बंजली से अलकापुरी चौराहा, 80 फिट रोड, डोंगरे नगर कॉमर्स कॉलेज बिरियाखेड़ी होते हुए शिवगढ़ सागोद रोड की ओर आ जा सकेंगे। लोहार रोड, धान मंडी लक्कड़पीठा, ईदगाह रोड एवं शहर के बाजार क्षेत्र में आने वाले किराना परचून, लकड़ी आदि के ट्रक रात्रि 9:00 बजे से सुबह 10:00 बजे तक लोडिंग अनलोडिंग कर सकेंगे। इसके बाद सुबह 10:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक बाजार क्षेत्र में समस्त भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सैलाना बस स्टैंड चौराहे से पोस्ट ऑफिस, बाल चिकित्सालय, शहर सराय, शहीद चौक, आबकारी चौराहा, हाट की चौकी, गौशाला रोड एवं बाजार क्षेत्र, लोहार रोड, धान मंडी, लक्कड़पीठा, ईदगाह रोड एवं शहर के भीतरी क्षेत्र में आने वाले समस्त भारी वाहन प्रात: 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक पूर्णतया प्रतिबंधित रहेंगे।
राम मंदिर चेतक ब्रिज, सैलाना बस स्टैंड चौराहा, पावर हाउस रोड से दो बत्ती चौराहा तक भारी वाहन प्रात: 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक पूर्णता प्रतिबंधित रहेंगे। रेलवे मॉल गोडाउन फ्रीगंज रोड से सीमेंट खाद के आने वाले रेक का माल ट्रकों के माध्यम से केवल दिलबहार चौराहा, फव्वारा चौक, न्यू कलेक्ट्रेट प्रताप नगर, फ्लाईओवर होते हुए सालाखेड़ी की ओर आ जा सकेंगे। रेलवे मॉल गोडाउन से सज्जन मिल की और दो बत्ती चौराहा, सैलाना बस स्टैंड चौराहा, चेतक ब्रिज की ओर से भारी वाहन का आवागमन पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सज्जन मिल की ओर जाने वाले भारी वाहन दिलबहार चौराहा, फव्वारा चौक, प्रताप नगर ब्रिज डी-मार्ट के सामने से जावरा फाटक, डोशी गांव, बंजली की ओर आ जा सकेंगे।
पावर हाउस रोड, फ्री गंज रोड, फव्वारा चौक मुख्य मार्ग पर स्थित ट्रांसपोर्ट में ट्रकों का प्रवेश रात्रि 9 बजे से प्रात: 10 बजे तक रहेगा तथा खाली ट्रक दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे के बीच शहर से बाहर दिलबहार चौराहा, फव्वारा चौक, न्यू कलेक्ट्रेट प्रताप नगर फ्लाईओवर होते हुए सालाखेड़ी की ओर आ जा सकेंगे। ट्रांसपोर्ट के सामने मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की पार्किंग नहीं होगी। लोडिंग अनलोडिंग का कार्य भी संबंधित ट्रांसपोर्ट द्वारा अपने गोडाउन में अंदर की तरफ किया जाएगा। इसके साथ ही यातायात पुलिस रतलाम द्वारा व्यापारियों ट्रांसपोर्ट वाहन मालिकों आम जनों से सुझाव सतत् आमंत्रित किए गए हैं।

You missed

error: Content is protected !!