• Wed. Sep 30th, 2026

एक माह में कंप्यूटर, संगीत, खेल एवं क्राफ्ट शिक्षकों की होगी व्यवस्था : प्रभारी मंत्री डॉ. शाह, 32 लाख रुपए की लागत से दो लिफ्ट लगाने की मंजूरी

BySurendra Jain

Sep 30, 2026

खबर पक्की, 30 सितंबर, रतलाम। जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने सैलाना स्थित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर एवं छात्रावास का निरीक्षण किया तथा छात्रावास में ही बच्चों के साथ भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शिक्षा, खेल एवं छात्रावास सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
एक माह में चार विषयों के शिक्षकों की होगी व्यवस्था, दो लिफ्ट लगाने की मंजूरी
प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि एक माह के भीतर शिक्षा परिसर में कंप्यूटर, संगीत, खेल एवं क्राफ्ट शिक्षकों की व्यवस्था की जाएगी। खेल मैदान को भी व्यवस्थित किया जाएगा। इसके लिए एस्टीमेट तैयार कर विभाग को भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने छात्राओं को चौथी मंजिल तक पहुंचने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 32 लाख रुपए की लागत से दो लिफ्ट लगाने की मंजूरी दी। परिसर में स्थाई एवं अच्छी गुणवत्ता का माइक सेट, वाईफाई कनेक्शन तथा आवश्यक टेबल-कुर्सियों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि व्याख्याता के रिक्त पदों की तत्काल पूर्ति की जाए तथा छात्राओं को अच्छी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। छात्रावास में नर्स एवं सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था आगामी वर्ष में की जाएगी।
आदिवासी संस्कृति की प्रदर्शनी देखी, बालिकाओं से किया संवाद
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में आदिवासी क्षेत्र की पारंपरिक वस्तुएं, उत्पाद, आभूषण, कपड़े, दालें, अनाज, सब्जियां, ढोल एवं अन्य सांस्कृतिक धरोहरों को प्रदर्शित किया गया था। प्रभारी मंत्री ने प्रदर्शनी की सराहना की। इस अवसर पर छात्राओं ने आकर्षक आदिवासी नृत्य प्रस्तुतियां भी दीं।
एक बालिका के नाम से एक पौधा लगाने और नियमित देखभाल का आह्वान
प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने शिक्षा परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बालिका के नाम से एक पौधा लगाया जाए और उसकी प्रत्येक सात दिन में नियमित देखभाल की जाए।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य प्रदीप उपाध्याय एवं विप्लव जैन, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर अजय कटेसरिया, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम जायसवाल, शिक्षकगण, छात्रावास एवं शिक्षा परिसर की बालिकाएं तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

You missed

error: Content is protected !!