• Wed. Aug 12th, 2026

अब कड़ाके की ठंड के आसार कम, सुबह और देर रात को बनी रहेगी थोड़ी ठंडक, 25-26 से फिर बदल सकता है मौसम, इस दौरान ओले और बारिश की संभावना

BySurendra Jain

Feb 23, 2019

भोपाल। कश्मीर में भले ही बर्फबारी हो रही हो, लेकिन हमारे यहां अभी इसका असर नहीं हो रहा है। जब तक उत्तर से लगातार सर्द हवा नहीं आएगी, तब तक कड़ाके की ठंड नहीं पड़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अब हमारे यहां कड़ाके की ठंड पडऩे के आसार कम हो गए हैं। कुछ दिनों तक सुबह और देर रात को थोड़ी ठंडक बनी रह सकती है। 25- 26 फरवरी से फिर मौसम बदलने की संभावना है। इस दौरान ओले गिर सकते हैं और बारिश भी हो सकती है।
भोपाल में शनिवार को न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें 3 डिग्री की गिरावट हुई। इसके बावजूद यह सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा रहा। शुक्रवार को दिन का तापमान 31.0 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें भी 4.8 डिग्री की कमी आई। यह भी सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा। हवा का रुख बदलने की वजह से ही तापमान में कमी आई, लेकिन यह स्थाई नहीं रहेगा। गुरुवार को दिन का तापमान 35.8 और रात का 19.8 डिग्री दर्ज किया गया था। यह दोनों सामान्य से 7 डिग्री ज्यादा रहे थे।
इन दो वजहों से अब नहीं पड़ेगी कड़ाके की ठंड
मौसम वैज्ञानिक उदय सरवटे का कहना है कि मिल रहे ट्रेंड के अनुसार अब कड़ाके की ठंड पडऩे के आसार कम हैं। इसकी दो खास वजह हैं। पहली यह कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस लगातार आ रहे हैं। इनके आने पर पहले तापमान बढ़ता है। जब ये गुजर जाते हैं तो ठंड पड़ती, लेकिन इसके लिए यह जरुरी है कि वहां बर्फ पिघलने के बाद हमारे यहां उत्तर से लगातार हवा आए। दूसरी वजह यह है कि हवा का रुख अभी स्थाई नहीं रहेगा।
बर्फबारी का असर तभी होगा
मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि कश्मीर में अभी बर्फबारी हो रही है, लेकिन इसका हमारे यहां असर तभी होगा, जब उत्तर से लगातार हवा आए। सूर्य की किरणें भी वर्टिकल पड़ेंगी। सर्दी के मौसम में सूर्य की किरणें तिरछी आती हैं। इसकी वजह यह है कि सूर्य दक्षिणी गोलार्ध में रहता है। अब सूर्य धीरे- धीरे उत्तरी गोलार्ध की तरफ आ रहा है। इस के कारण सूर्य की किरणें वर्टिकल हो जाएंगी।
अगले दो दिन तक 27 से 30 डिग्री रहेगा तापमान
सरवटे ने बताया कि मिल रहे ट्रेंड के अनुसार अगले दो- तीन दिन तापमान और कम होने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान 27 से 30 और रात का तापमान 13 से 15 डिग्री के बीच रह सकता है। वजह यह है कि गुरुवार की तुलना में शुक्रवार शाम 5.30 बजे और रात 8.30 बजे के तापमान में 1.5 से 2.5 डिग्री की कमी रही। इसकी वजह भी यह है कि दिन की तुलना में शाम के बाद हवा का रुख बदल गया।

error: Content is protected !!