नईदिल्ली। देश में जारी किसान आंदोलन के बाद अब राज्य सरकारों ने किसानों का कर्ज माफी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र, पंजाब सरकार के बाद कर्नाटक की सरकार ने भी किसानों का कर्ज माफ करने का फैसला किया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को कर्ज माफी का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार छोटे किसानों का 50 हजार रूपए तक का कर्जा माफ किया जा रहा है। इसका फायदा केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने सहकारिता बैंको से लोन लिया है। कर्नाटक में ऐसे किसानों की संख्या 22 लाख से ज्यादा है।
इससे पहले पंजाब, महाराष्ट्र और यूपी सरकार भी किसानों के कर्ज माफी का ऐलान कर चुकी है। मध्यप्रदेश और तमिलनाडू के किसान कर्ज माफी के लिए लंबे समय से मांग कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में चल रहा किसानों का आंदोलन उग्र हो गया था। हिंसक हुए आंदोलन में 6 किसान पुलिस फायरिंग की बलि चढ़ गए। जबकि पिछले एक महीने में कर्ज के कारण आत्महत्या करने वाले किसानों की संख्या भी 10 पहुंच चुकी है।
