धार/टांडा। आदिवासी क्षेत्र में छोटी-छोटी बात पर हमला और जान ले लेना आम बात है। एक पिता ने अपने बेटे की इसलिए जान ले ली क्योकि उसकी लाई मुर्गी बेटे ने बना कर खा ली थी। पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना रविवार करीब आठ बजे खरवाली गांव की है। मृतक हीरासिंह (30) की पत्नी भूरीबाई ने बताया कि ससुर छोटू (60) बाजार से पकाने के लिए मुर्गी लेकर आए थे। वे कहीं बाहर गए, तभी हीरासिंह ने मुर्गी पकाकर खा ली, पिता के लिए नहीं छोड़ी।
इससे ससुर नाराज हो गए और दोनों के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ी तो हीरासिंह ने पिता को पत्थर दे मारा। इससे बौखलाया ससुर घर के भीतर से चाकू लाया और हीरा पर तीन वार कर दिए। पेट और सीने में लगे चाकू के वार से हीरासिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी एमटी बेग ने बताया कि हीरासिंह की हत्या के आरोप में गिरफ्तार छोटू को कोर्ट में पेश कर दिया है।
