भोपाल। मध्यप्रदेश में गरीबों को 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी जाएगी। कमलनाथ कैबिनेट की गुरुवार को हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। कैबिनेट में इसके साथ ही कई अहम फैसले लिए गए। करीब 62 लाख उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।
बैठक में तय किया गया कि राज्य में विधवा पेंशन बढ़ाई जाएगी । अब 600 रुपये विधवा पेंशन देने का प्रस्ताव पास कर दिया गया है। प्रदेश में इंदिरा किसान ज्योति योजना लागू की जाएगी। इस संबंध में अब 1400 की जगह 700 रुपये देने होंगे।
बैठक के बाद मंत्री जयवर्धन सिंह ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में युवा स्वाभिमान योजना को मंजूरी दे दी गई है।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में शराब नीति में पर्यटन के मद्देजनर संशोधन किया गया है लेकिन धार्मिक स्थलों पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
कैबिनेट के निर्णय के अनुसार राज्य के युवाओं को 100 दिन का रोजगार दिया जाएगा। युवा स्वाभिमान योजना के तहत 21 से 30 तक के युवाओं का नगरीय क्षेत्रों में पंजीयन आरंभ होगा। इसके बाद काउंसलिंग कर ट्रेनिंग का निर्णय लिया जाएगा।
