• Wed. Aug 12th, 2026

मध्य प्रदेश के यात्रियों से भरी बस हाथरस में पलटी

BySurendra Jain

Feb 7, 2019

शिवपुरी, अशोकनगर, हाथरस। मध्यप्रदेश के शिवपुरी, गुना और अशोकनगर के 60 यात्रियों से भरी बस हाथरस के पास हाईवे पर पलट गई। घटना के बाद चित्कार मच गई, जिसे सुनते ही ग्रामीणों के रौंगटे खड़े हो गए। ग्रामीणों ने बस पर चढ़कर टूटे शीशे से घायलों को बाहर निकाला। बावजूद इसके दर्जनों लोग अंदर फंस रह गए, जो निकलने की स्थिति में नहीं थे। दो घंटे के बाद बस सीधी होने पर सभी को बाहर निकाला जा सका।

हादसे की धमाकेदार आवाज आस-पास के गांवों में लोगों ने साफ सुनी। भांपने में देर नहीं लगी कि कोई बड़ा हादसा हुआ है। पब्लिक मौके के लिए दौड़ पड़ी। बस व सड़क खून से लथपथ थी। चाहकर भी ग्रामीण कुछ नहीं कर पा रहे थे। बस के नीचे दबी महिला साफ दिख रही थीं। बस हटाने में असमर्थ ग्रामीण बस पर चढ़ गए और घायलों को निकालने का प्रयास किया। अंदर चीत्कार मची हुई थी। जो हल्के घायल थे, उन्हें आसानी से बाहर निकाल लिया गया।

इसके बाद प्रशासनिक मदद का इंतजार होने लगा। ग्रामीणों को आशंका था कि कई लोग दबे हुए हैं। आठ से 10 लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही थी। इससे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी हलकान थे। बस से बाहर निकले श्रद्धालु बदहवास अपनों का हाल जानने के लिए इधर-उधर दौड़ रहे थे। बुजुर्ग को ग्रामीणों ने संभाला। बस सीधी होने के बाद भी श्रद्धालु सदमे में थे और हादसे से बाहर नहीं आ पा रहे थे। ग्रामीणों ने उनका सामान सड़क किनारे रखा। सभी श्रद्धालुओं के सही सलामत होने की जानकारी पर अधिकारियों की जान में जान आई।

एडीएम ने की बसों की व्यवस्था

बवाल निपटने के बाद मध्यप्रदेश के लोग अपने घर जाने के लिए चिंतित थे। उन्होंने अधिकारियों से गुहार लगाई। एडीएम रेखा एस चौहान ने हाथरस डिपो से दो बसों की व्यवस्था कराई। इन बसों से लोगों को आगरा भेजा गया। श्रद्धालुओं ने बताया कि आगरा से उनके जिले के लिए कई बसें व ट्रेनें हैं।

10 ज्योर्तिलिंग के दर्शन करने निकले थे श्रद्धालु

एक-दो दिन नहीं, बल्कि 45 दिनों से मध्यप्रदेश के ये लोग धार्मिक भ्रमण पर थे। श्रद्धालु बलवीर सह निवासी शाडोरा, अशोक नगर (एमपी) ने बताया वे 24 दिसंबर को अपने घर से चले थे। पूरे देश में 10 ज्योर्तिलिंग के दर्शन करने के बाद सोरों गंगा नहाने आए थे और यहां से गंगाजली लेकर घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि उनके परिवार के सात लोग साथ में है, जो कि सुरक्षित हैं। बलवीर के अनुसार बस में शिवपुरी, गुना व अशोक नगर के लगभग 60 लोग सवार थे।

error: Content is protected !!