बड़वानी। बड़वानी की एक होटल में बुजुर्ग दम्पति के शव मिलने से सनसनी फैल गई। ये दम्पति इंदौर के रहने वाले थे। इनकी पहचान इंदौर के पलासिया क्षेत्र में रहने वाले गुणवंत भिड़े (61) और वंदना भिड़े (60) के रुप में हुई। इनमें से गुणवंत पर इंदौर में 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला दर्ज है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली कि बड़वानी के आनंद पैलेस होटल में वृद्ध दम्पति की मौत हो गई। दम्पति के शव होटल के कमरे में मिले। होटल रिकॉर्ड से इनकी पहचान पलासिया थाना क्षेत्र के बीमा नगर में रहने वाले गुणवंत व उनकी पत्नी वंदना भिड़े के रुप में हुई। ये दम्पति 22 जनवरी को होटल में आकर रुके थे।
जांच में पता चला कि दम्पति ने जहरीला पदार्थ खाया। मौके से जहर के इंजेक्शन और अरंडी के बीच भी मिले। बड़वानी पुलिस ने इंदौर की पलासिया पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि गुणवंत के खिलाफ पलासिया थाने में 7 वर्ष की बच्ची से दुष्कर्म का मामला दर्ज है। फिलहाल दम्पति ने ये कदम क्यों उठाया, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
