• Thu. Oct 29th, 2026

मध्य प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष हिना कांवरे के फॉलो वाहन को ट्राले ने मारी टक्कर, चार की मौत

BySurendra Jain

Jan 14, 2019

बालाघाट। मध्य प्रदेश विधानसभा की उपाध्यक्ष और बालाघाट जिले की लांजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुश्री हिना कांवरे सड़क हादसे में बाल-बाल बच गईं। हिना कांवरे के फॉलो वाहन को एक ट्रक ने गोंदिया रोड पर जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लांजी सब इंस्पेक्टर हर्षवर्धन सोलंकी और प्रधान आरक्षक मोहम्मद हमीद शेख की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान आरक्षक राहुल कोलार और चालक सचिन सहारे की भी मौत हो गई। सोमवार को सुबह चारों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद बालाघाट पुलिस लाइन में लाया गया। यहां हिना कावरे ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में जान गवाने वाले तीन जवानों को शहीदों का दर्जा दिया गया है। सभी के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद और अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। तत्काल मदद के रूप में तीन जवानों को एक-एक लाख की मदद और चालक के परिवार को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद की गई है।

घटना रविवार की रात तकरीबन 12:30 बजे की है। घटना के समय हिना कांवरे बालाघाट जिला मुख्यालय से अपने घर लांजी लौट रही थीं। हादसे के पीछे नक्सली साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। बालाघाट से 15 किलोमीटर दूर गोंदिया रोड पर सालेटेका गांव के पास सामने से तेज रफ्तार एक ट्राला आ रहा था।

हिना कांवरे के चालक ने किसी तरह से वाहन निकाल लिया, लेकिन फॉलो वाहन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इसमें सवार दो की मौत हो गई। घायल जवानों को इलाज के लिए कांवरे जिला अस्पताल बालाघाट लेकर पहुंचीं। तीनों को नागपुर रेफर कर दिया गया था, जहां दो की मौत हो गई।

हिना कांवरे के पिता लिखीराम कांवरे की नक्सलियों ने घर में घुसकर हत्या कर दी थी। लिखीराम कांवरे उस समय दिग्विजय सिंह सरकार में परिवहन मंत्री थे।

You missed

error: Content is protected !!