अहमदाबाद । गुजरात के अहमदाबाद में इस साल होने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के लिए सुरक्षा उपाय पहले से ज्यादा पुख्ता किए गए है। 25 जून को होने वाली जगन्नाथ रथयात्रा की निगरानी पहली बार राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) द्वारा की जाएगी। अर्द्धसैनिक बलों की 26 कंपनियां भी इस यात्रा के लिए तैनात रहेंगी।
गुजरात के गृह मंत्री प्रदीपसिंह जडेजा ने के अनुसार गांधीनगर के नजदीक रायसेन में एनएसजी हब बनाया जा रहा है। एनएसजी की एक यूनिट मेघनीनगर के गोढा कैंप के पास तैनात है। एनएसजी के दो वरिष्ठ अधिकारी और उनकी टीम ने दो दिन पहले जमालपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर का मुआयना किया था।
जडेजा ने बताया कि आतंकी हमलों, बंधक संकट और हाइजैक स्थिति से निपटने के लिए ट्रेंड की गई एनएसजी की यूनिट गुजरात और राजस्थान को कवर करेगी। इस साल होने वाली 140वीं रथयात्रा के लिए करीब 20 हजार पुलिस अधिकारी और अन्य जवान तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा, ’18 सुसज्जित हाथी, 101 ट्रक, 30 अखाड़े और 18 भजन मंडल समेत लाखों भक्त इस रथयात्रा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विजय रुपानी रथ यात्रा के दिन सुबह साढ़े छह बजे पूजा करेगे।’ एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऐसा पहली बार हुआ है जब गृह मंत्री ने रथयात्रा के रूट का जायजा लिया है।
