रतलाम। स्कूली बच्चों में खेल चेतना जागृत करने के उद्देश्य से चेतन्य काश्यप फाउण्डेशन व क्रीड़ा भारती द्वारा 21वॉ खेल चेतना मेला अंर्तविद्यालयीन खेलकूद प्रतिस्पर्धा का आयोजन रतलाम शहर में 9 से 12 जनवरी 2019 के बीच किया जाएगा। खेल चेतना मेला में 4 दिन की अवधि में शहर के विभिन्न खेल मैदानों पर 14 खेलों की प्रतिस्पर्धाएं होगी।
मंगलवार सुबह चेतन्य काश्यप फाउण्डेशन के अध्यक्ष, क्रीड़ा भारती राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष एवं विधायक चेतन्य काश्यप ने खेल चेतना मेला में सहभागिता करने वाले समस्त विद्यालयों के संचालकगण, प्राचार्य, खेल प्रशिक्षकों के साथ बैठक की। इस बैठक में अशासकीय विद्यालय संचालक संघ के संरक्षक पुरूषोत्तम पांचाल, सचिव आनंद जैन, जिला शिक्षा अधिकारी अमर वाधवानी, जिला खेल अधिकारी मुकुल जॉय बेंजामिन, क्रीड़ा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया सहित खेल चेतना मेला आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन, सहसचिव अजीत छाबड़ा आदि ने स्कूल संचालकगण, प्राचार्य एवं खेल प्रशिक्षकों के साथ 21वें खेल चेतना मेला की व्यवस्थाओं के संदर्भ में चर्चा की। तय किया गया कि दिनांक 9 जनवरी की सुबह 9.00 बजे आयोजन प्रारंभ होने से पूर्व नगर में खेल चेतना जागृत करने के उद्देश्य से शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय परिसर से खिलाडिय़ों की रैली निकाली जाएगी। यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मुख्य आयोजन स्थल नेहरू स्टेडियम पर पहुॅचेगी।
खेल से आता है जीवन में अनुशासन
नगर के स्कूल संचालकगण, प्राचार्य एवं खेल प्रशिक्षकों की बैठक को सम्बोधित करते हुए विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि खेल चेतना मेला के आयोजन का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा संख्या में बच्चों को मैदान तक लाने और खेल के प्रति उनमें रूचि जागृति करने का रहा है। लगातार 20 वर्ष से आयोजन समिति इसी उद्देश्य पर काम कर रही है। खेल में जीत की भावना बच्चों के मन में जागृत हो, यह महत्वपूर्ण है, लेकिन इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि बच्चे खेलने की आदत बनाएं। खेलों के जीवन में प्रवेश से अनुशासन व प्रतिस्पर्धा आती है। श्री काश्यप ने आह्वान किया कि नगर के सभी विद्यालयों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी खेल चेतना मेला में सहभागिता करें। श्री काश्यप ने कहा कि विद्यार्थियों के बीच खेल के प्रति रूचि बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजन समिति इस बार ग्रीष्म कालीन शिविर का भी मेले के स्वरूप में आयोजन करने का विचार कर रही है।
9 जनवरी से होगा रतलाम में खेलों के महाकुम्भ का आगाज़, 14 स्पर्धाएं होगी
