खबर पक्की : नई दिल्ली, मध्य प्रदेश सहित सभी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणाम 11 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। तमाम राजनीतिक दलों की निगाहे कल आने वाले नतीजों पर टिकी है। इन तमाम राज्यों में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी भिड़ंत है। चुनाव संपन्न होने के बाद तमाम एग्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिख रही है, लेकिन कल आने वाले नतीजे इस बात की पुष्टि करेंगे कि आखिर एग्जिट पोल के आंकड़े कितने सही हैं। लेकिन परिणाम से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और दिग्गज नेता कमलनाथ ने कांग्रेस को कितनी सीटें मिलेंगी इसको लेकर बड़ा बयान दिया है।
चुनाव परिणाम आने से पहले कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस को 140 सीटों पर जीत मिलेगी। दरअसल जब कमलनाथ से पूछा गया कि अगर कांग्रेस मध्य प्रदेश में जीतती है तो प्रदेश में कांग्रेस का मुख्यमंत्री कौन होगा। इस सवाल के जवाब में कमलनाथ ने कहा कि हम 140 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेंगे। आप लोग कल तक इंतजार करिए, इसके बाद ही सबकुछ साफ हो सकेगा। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में विधानसभा की कुल की 230 सीटें हैं, ऐसे में पूर्ण बहुमत के लिए 116 सीटों की जरूरत है। अगर एग्जिट पोल के अनुमान सही रहता है तो 2003 के बाद 15 साल बाद कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी।
कमलनाथ का दावा, मध्य प्रदेश में 140 से ज्यादा सीटें लाएंगे
