• Wed. Aug 5th, 2026

लोक निर्माण विभाग ने विकास कार्यो में दर्ज की उल्लेखनीय प्रगति, वर्तमान में कुल 73 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत के 23 निर्माण कार्य पूर्ण, 154 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत के 16 निर्माण कार्य प्रगतिरत

BySurendra Jain

Aug 5, 2026

खबर पक्की, 5 अगस्त, रतलाम। कार्यपालन यंत्री (भवन) लोक निर्माण विभाग रतलाम से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में वर्ष 2025-26 के दौरान विभिन्न विभागों के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत 48 करोड़ 98 लाख रूपये लागत के कुल 07 निर्माण कार्य पूर्ण किये जा चुके है। जिनमें शासन की महत्वपूर्ण योजना अंतर्गत शा. बालक उत्कृष्ठ उ.मा. वि. सैलाना में सी.एम. राईज़ (सांदीपनी) विद्यालय का निर्माण कार्य 31 मार्च 2026 को पूर्ण किया गया।
लोक शिक्षण विभाग अंतर्गत 108 करोड 52 लाख रूपये की लागत के कुल 4 निर्माण कार्य पूर्ण किये जा चुके है तथा 05 कार्य प्रगतिरत है। जिनमें शासन की महत्वपूर्ण योजना अंतर्गत 03 सी.एम. राईज़ (सांदीपनि) विद्यालय आलोट, जावरा एवं बिरमावल के निर्माण कार्य पूर्ण किये जा चुके है तथा 03 सी.एम. राईज़ (सांदीपनी) विद्यालय कार्य प्रगतिरत है जिन्हे शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग अंतर्गत 13 करोड़ 34 लाख रूपये लागत के कुल 02 निर्माण कार्य पूर्ण किये जा चुके है तथा 01 कार्य निविदा स्तर पर होकर अप्रारंभ है, जिसे निविदा स्वीकृति उपरान्त शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा।
राजस्व विभाग अंतर्गत 7 करोड 96 लाख रूपये की लागत का 01 निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा 04 कार्य प्रगतिरत है जिन्हे शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत 15 करोड़ 92 लाख रूपये की लागत के कुल 05 निर्माण कार्य पूर्ण किये जा चुके है तथा 02 कार्य प्रगतिरत है।
कौशल विकास विभाग अंतर्गत 25 करोड़ 26 लाख रूपये की लागत के कुल 02 निर्माण कार्य पूर्ण किये जा चुके है, जिनमें 06 ट्रेड आई.टी.आई. भवन जावरा एवं 06 ट्रेड आई.टी.आई. भवन पिपलौदा का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, शेष 04 कार्य प्रगतिरत है तथा 02 कार्य शीघ्र ही प्रारंभ किया जाएगा। तकनीकी शिक्षा विभाग अंतर्गत 3 करोड़ 46 लाख रूपये की लागत का 01 स्वीकृत कार्य 28 फरवरी 2026 को पूर्ण किया गया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग अन्तर्गत 6 करोड़ 98 लाख रूपये के 01 निर्माण कार्य 31 मई 2026 को पूर्ण किया गया। श्रम विभाग अंतर्गत 6 करोड़ 16 लाख रूपये का 01 निर्माण कार्य फिनिशिंग स्तर पर प्रगतिरत है, जिसे शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।
कार्यपालन यंत्री (भवन) लोक निर्माण विभाग ने बताया कि जिले में वर्ष 2025-26 में 30 जून 2026 तक कुल 73 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत के 23 निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं तथा 154 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत के 16 निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। विभाग द्वारा कुल 07 सांदीपनी विद्यालयों का निर्माण किया जा रहा है, जिनकी कुल लागत 249 करोड़ 70 लाख रुपये है। इनमें शासन की महत्वपूर्ण योजना अंतर्गत जावरा, आलोट, बिरमावल एवं सैलाना के सांदीपनी विद्यालयों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, शेष 03 सांदीपनी विद्यालयों का निर्माण माह नवंबर 2026 तक पूर्ण कर लिए जाएगें।
विभाग द्वारा पिपलौदा तहसील में 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में उन्नयन कार्य 11 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत का निर्माण कार्य माह अगस्त 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है।

You missed

error: Content is protected !!