खबर पक्की मुंबई : सोहराबुद्दीन के कथित फर्जी मुठभेड़ मामले से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और इस मामले से जुड़े चार अधिकारियों को राजनैतिक और आर्थिक फायदा हुआ। सोहराबुद्दीन कथित फर्जी एनकाउंटर मामले की जांच करने वाले पूर्व अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने सोमवार को यह बात सीबीआई अदालत में दिए गए बयान में कही।
सोहराबुद्दीन कथित फर्जी एनकाउंटर मामले को लेकर मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत में सुनवाई चल रही है। अमिताभ ठाकुर ने अदालत में दावा किया कि सोहराबुद्दीन शेख कथित फर्जी मुठभेड़ मामले से बीजेपी के अध्यक्ष अमित शाह सहित गुजरात के पूर्व आईपीएस अधिकारी डीजी वंजारा, दिनेश एमएन, राजकुमार पांडियन और अभय चूडास्मा को आर्थिक और राजनैतिक फायदा हुआ था।
सोहराबुद्दीन एनकाउंटर के बाद पॉपुलर बिल्डर के मालिक पटेल भाइयों ने शाह को कथित रूप से तीन बार में 70 लाख रुपये पहुंचाए थे। 2010 की चार्जशीट के अनुसार अमित शाह ने पटेल भाइयों से 90 लाख रुपये की मांग की थी। पूर्व आईपीएस अधिकारी डीजी वंजारा को भी 60 लाख रुपये का आर्थिक फायदा पहुंचाने का आरोप है।इसके अलावा मामले में शामिल अन्य पुलिस अधिकारियों को इस मुठभेड़ से कोई फायदा नहीं होने की बात कही गई है। हलांकि अपने आरोपों को साबित करने के लिए अमिताभ ठाकुर के पास जरूरी सबूत मौजूद नहीं हैं।
