भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने समृद्ध मप्र के लिए शनिवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इस मौके पर शिवराज सिंह के अलावा वित्त मंत्री अरुण जेटली मौजूद रहे। शिवराज सिंह ने इस मौके पर कहा कि ये दृष्टि पत्र आने वाले पांच साल का रोडमैप होगा। दृष्टि पत्र में आधी आबादी के लिए भी बड़ी घोषणाएं होंगी।
इसके अलावा सीएम शिवराज सिंह ने युवाओं को रोजगार देने की भी बात कहीं। उन्होंने कहा कि, हर साल 10 लाख लोगों को रोजगार देंगे। प्रदेश में एक कारीगर यूनिवर्सिटी बनाई जाएगी। फूड प्रोसेसिंग, टूरिज्म यूनिवर्सिटी भी खोली जाएगी। इसके अलावा उन्होंने कर्मचारियों के लिए नए वेतन आयोग की स्थापना की बात कही। कम मानदेय पाने वाले कर्मचारियों को सम्मान जनक मानदेय दिया जाएगा।
सीएम शिवराज सिंह ने दृष्टि पत्र जारी करते हुए कहा कि, मूल्य स्थिरीकरण कोष 500 करोड़ से बढ़कर 2 हजार करोड़ होगा। अगले पांच साल में शहरी विकास पर 2 लाख करोड़ खर्च होंगे। वहीं शिवराज सिंह ने प्रदेश में स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट विलेज बनाने की बात कही।
महिलाओं के लिए जो अलग से दृष्टि पत्र जारी हुआ है, उसमें सीएम शिवराज सिंह ने ये ऐलान किया कि महिलाओं के स्व सहायता समूह को बढ़ावा दिया जाएगा। उत्पाद की मार्केटिंग सरकार करेगी। मदद के लिए अलग से कोष बनाया जाएगा। कॉलेज जाने वाली बेटियों को निशुल्क वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। महिला ग्रामीण आईटी सेंटर्स बानए जाएंगे।
इस मौके पर सीएम शिवराज सिंह ने महिलाओं के लिए अलग से नारी शक्ति संकल्प पत्र जारी किया। उन्होंने बताया कि, 12वीं क्लास में 75 फीसद अंक लाने वाली लड़कियों को स्कूटी दी जाएगी। वहीं स्कूलों में नैपकिन वेंडिंग मशीनें लगाई जाएंगी। हर जिले में महिला कौशल परामर्श केंद्र खोले जाएंगे।
सीएम शिवराज सिंह ने इस मौके पर कहा कि, हमने सिंचाई के रकबे को बढ़ाया है। 2013 के संकल्प पत्र पर अमल किया है। दृष्टि पत्र आने वाले पांच साल का रोडमैप होगा। हम देश के अग्रणी राज्यों में शुमार रहे हैं। हमारी कृषि विकास दर लगातार पांच साल बीस फीसद रही है। वहीं प्रति व्यक्ति आय 79 हजार के पार पहुंच गई है।
भाजपा ने जारी किया दृष्टि पत्र
