इंदौर। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए 177 नामों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट के सामने आने के बाद से ही पार्टी के अंदर बगावत के सुर तेज हो गए हैं। खासतौर पर मालवा-निमाड़ में विरोध खुलकर सामने आ रहा है। इसमें इंदौर जिले की सीटों को लेकर भी पेंच फंसा हुआ है। ऐसे में पार्टी बाकी के टिकट का ऐलान करने को लेकर ज्यादा सतर्क हो गई है। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय का इसे लेकर बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, रविवार को इंदौर के भाजपा प्रत्याशियों की सूची आएगी।
इसके अलावा उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा। विजयवर्गीय ने कहा कि, “राहुल गांधी लकड़ी के चाबी वाले घोड़े की तरह हैं, जितनी चाबी भरी उतना ही चलते हैं। राहुल गांधी में संस्कारों की कमी है। उन्हें जो नजदीकी लोग सिखाते हैं, वो वही काम करते हैं।”
वहीं अपने चुनाव लड़ने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि, “मैं चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं, पार्टी जहां से बोलेगी, वहां से चुनाव लडूंगा। इसके अलावा ताई-भाई की खींचतान के मुद्दे पर विजयवर्गीय ने सफाई देते हुए कहा कि, भाजपा में ताई-भाई जैसा कुछ नहीं है, कोई लड़ाई नहीं है, पूरी पार्टी एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी।
वहीं टिकट वितरण के बाद उठ रहे बगावती सुर को लेकर उन्होंने कहा कि, “कुछ जगह असंतोष देखने को मिला है। जल्द ही पार्टी रुठे कार्यकर्ताओं को मना लेगी।” वहीं पार्टी में दरकिनार हो रहे दिग्विजय सिंह को लेकर भी उन्होंने कहा कि, दिग्विजय सिंह ने हमेशा भटकी हुई कांग्रेस को सही रास्ता दिखाया है।
