खबर पक्की, 4 अक्टूबर, रतलाम। सिंहस्थ-2028 के सफल, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के साथ रतलाम पुलिस पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दे रही है। ड्यूटी के दौरान तनाव प्रबंधन, मानसिक शांति और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग एवं हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे पांच दिवसीय ध्यान-योग प्रशिक्षण के 13वें बैच का समापन हुआ। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित अंतिम सत्र में 26 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण की शुरुआत 29 सितंबर से हुई थी। अब तक 13 बैचों के माध्यम से कुल 466 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी हार्टफुलनेस ध्यान एवं योग प्रशिक्षण का लाभ ले चुके हैं।
तनाव प्रबंधन और बेहतर नींद पर दिया जोर
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। नियमित ध्यान, मानसिक शुद्धिकरण, प्रार्थना और ध्यान के माध्यम से तनाव को नियंत्रित करने तथा मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने के बारे में बताया गया। व्यस्त और चुनौतीपूर्ण पुलिस ड्यूटी के बीच बेहतर नींद और स्वास्थ्य के महत्व पर भी चर्चा की गई।
सत्र की शुरुआत पूर्व प्रशिक्षण की पुनरावृत्ति से हुई। इसके बाद पुलिस विभाग में हार्टफुलनेस ध्यान के सकारात्मक प्रभावों से संबंधित वीडियो दिखाया गया। प्रार्थना की विधि समझाने के बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामूहिक ध्यान का प्रायोगिक अभ्यास कराया गया। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किया गया।
हर रविवार होगा ध्यान का अभ्यास
प्रशिक्षण के बाद नियमित अभ्यास के लिए प्रत्येक रविवार जिले के सभी थानों पर ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी दी गई। पुलिसकर्मियों को जिले में उपलब्ध हार्टफुलनेस प्रशिक्षकों के नाम और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए। गहन अभ्यास के लिए प्रशिक्षकों से व्यक्तिगत सत्र लेने की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि पुलिसकर्मी अपने विभागीय पहचान पत्र के माध्यम से परिवार सहित कान्हा शांतिवनम आश्रम, हैदराबाद में तीन दिवसीय नि:शुल्क प्रवास की सुविधा का लाभ भी ले सकते हैं।
प्रशिक्षकों और पुलिस टीम का रहा सहयोग
हार्टफुलनेस संस्था की ओर से मुख्य प्रशिक्षक एवं स्वयंसेवक निलेश शुक्ला, लोमेश शर्मा और धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रशिक्षण का संचालन किया। पुलिस विभाग की ओर से आरआई मोहन भर्रावत, सूबेदार अनोखीलाल परमार एवं उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत पुलिसकर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने के साथ उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने वाली गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उद्देश्य है कि पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तनावमुक्त और पूर्ण ऊर्जा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सिंहस्थ जैसे महत्वपूर्ण आयोजन में बेहतर पुलिसिंग और व्यवस्थाओं में योगदान दे सकें।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य पर जोर, हार्टफुलनेस ध्यान-योग प्रशिक्षण के 13वें बैच का समापन, 26 पुलिसकर्मियों ने लिया प्रशिक्षण; अब तक 466 अधिकारी-कर्मचारी हुए लाभान्वित
