खबर पक्की, 4 अक्टूबर, रतलाम। अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए रतलाम पुलिस ने 3-4 अक्टूबर की दरमियानी रात जिलेभर में कांबिंग गश्त कर प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान लंबे समय से फरार 39 स्थायी वारंटियों और 75 गिरफ्तारी वारंटियों के वारंट तामील किए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रों के मार्गदर्शन में जिले के सभी अनुभागों में पुलिस टीमों ने गुंडे-बदमाशों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों की निगरानी एवं धरपकड़ के लिए अभियान चलाया।
कार्रवाई में सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा, एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर और उप पुलिस अधीक्षक आनंद स्वरूप सोनी के नेतृत्व में संबंधित थाना प्रभारियों व पुलिसकर्मियों की टीमें शामिल रहीं। पुलिस ने जिलाबदर, हिस्ट्रीशीटर और निगरानी गुंडे-बदमाशों की भी चेकिंग की।
पुलिस के अनुसार अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
कांबिंग गश्त में रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 114 वारंट तामील, 39 स्थायी और 75 गिरफ्तारी वारंटियों को पकड़ा, गुंडे-बदमाशों व असामाजिक तत्वों की भी हुई चेकिंग
