• Tue. Sep 15th, 2026

MeToo में फंसे अनु मलिक पर लगे नए आरोप, इंडियन आइडल में नहीं आएंगे नजर

BySurendra Jain

Oct 21, 2018

मुंबई। बॉलीवुड को चपेट में लेने वाले “मी टू” अभियान के तहत संगीतकार अनु मलिक पर दो और गायिकाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। इसके बाद खबर है कि अब अनु मलिक इंडियन आइडल शो में जज के रूप में नजर नहीं आएंगे। इसे लेकर सोनी चैनल ने बयान जारी कर कहा है कि अनु मलिक अब इंडियन आइडल जूरी पैनल का अब हिस्सा नहीं हैं। शो पहले से तय शेड्यूल के अनुसार चलता रहेगा और इसके दो जजों विशाल और नेहा को जॉइन करने के लिए हम इंडस्ट्री के बड़े नामों को बुलाएंगे।

बता दें कि सोना महापात्रा और श्वेता पंडित के आरोपों के बाद संगीतकार अनु मलिक पर दो और गायिकाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। दोनों गायिकाओं में से किसी के नाम सामने नहीं आए हैं। पहली महिला का कहना है कि एक गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान अनु मलिक ने उनके साथ अभद्रता करने की कोशिश की थी। प्रतिरोध करने पर उन्होंने माफी मांग ली और दूसरी मुलाकात में फिर से उनके साथ यौन संबंध बनाने की कोशिश की थी। दूसरी महिला का कहना है कि अनु मलिक ने उनका उत्पीड़न करना चाहा। नए आरोपों पर अनु मलिक की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। दूसरी ओर, सौमिक सेन के निर्देशन में बन रही फिल्म “चीट इंडिया” के निर्माताओं में से एक और फोटोग्राफर रहे अतुल कसबेकर पर एक अभिनेत्री ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं।

इमरान हाशमी के साथ “चीट इंडिया” फिल्म बना रहे निर्देशक सौमिक सेन पर पहले से ही यौन शोषण के आरोप लगे हैं। इसी फिल्म के निर्माता अतुल कसबेकर पर भी अब इस तरह के आरोप लगे हैं। आरोप लगाने वाली अज्ञात महिला ने खुद को इस फिल्म की अभिनेत्री बताया है। दूसरी ओर, फिल्म निर्माण कंपनी ने बयान जारी कर कहा है कि आरोप लगाने वाली महिला की आईडी फेक है, जिसकी शिकायत साइबर सेल से की गई है। बयान में कहा गया है कि हम महिलाओं का सम्मान करते हैं और “मी टू” अभियान का समर्थन करते हैं।

error: Content is protected !!