खबर पक्की: और जिसका डर था वही हुआ 4 दिन पहले खबर पक्की में हमने खबर लगाई थी कि आधे अधूरे छत्री पुल का किस तरह लोकार्पण मुख्यमंत्री से नगर निगम ने करवाया। और पुल पर पहुंच मार्ग का निर्माण नहीं करने से नित्य प्रति वहां दुर्घटनाएं हो रही है और किसी भी दिन किसी की जान जा सकती है। इन खबरों को दैनिक अवंतिका दैनिक भास्कर और अन्य अखबारों ने भी लगाया किंतु न तो कुंभकर्णी प्रशासन और ना ही हत्यारिन नगर निगम ने इन इन खबरों का संज्ञान लिया और यही कारण है कि पहुंच मार्ग बनाने की जगह मोरम भर देने के कारण बारिश के कारण पड़े बड़े बड़े गड्ढों ने बहुत ही धीमी गति से मोटरसाइकिल चलाने के बावजूद एक महिला को गिरा दिया जिसके कारण उसे सिर में गंभीर चोट आई और सिर से और कानों से खून बहने लगा। और गंभीर अवस्था में 52 वर्षीय मुन्नी बाई राठौर को जिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत अत्यंत गंभीर है और भगवान ही उसे बचा सकता है । मुन्नी बाई के पति कालूराम और उनकी लड़की का रो-रोकर अस्पताल में बुरा हाल हो रहा था। बार बार चेतावनी देने के बावजूद नगर निगम खराब सड़कों को सुधारने के लिए तैयार नहीं है यही कारण है कि इस परिषद के कार्यकाल में खराब सड़कों के कारण गंभीर सड़क दुर्घटनाएं होने के बावजूद एहतियाती कदम नहीं उठाने के कारण इसे हत्यारिन नगर निगम कहना उचित रहेगा। प्रशासन ने भी 1 दिन दो पहिया वाहनों से निकलकर अपनी खानापूरी पूरी कर ली । ना तो नगर निगम के चुने हुवे पार्षदों ना महापौर ने कर्मचारियों और ना जिला प्रशासन को जनता की चिंता है। देखते हैं और कितनी दुर्घटनाओं के बाद प्रशासन और निगम की आंखें खुलती है
