खबर पक्की, 17 अक्टूबर, रतलाम। जिले के पिपलौदा में शुक्रवार रात खेत पर मिलने पहुंची 45 वर्षीय महिला की प्रेमी और उसके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। महिला को लकड़ी, डंडे और पाइप से पीटा गया। गंभीर हालत में उसे पहले पिपलौदा स्वास्थ्य केंद्र और फिर रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रेमी भरतलाल जाट को राउंडअप कर लिया है। तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
खेत पर मिलने पहुंची थी महिला
घटना शुक्रवार रात करीब 7.30 बजे पिपलौदा रोड स्थित बलराम जाट के खेत की है। मृतका की पहचान सोहनबाई (45), निवासी सैलाना के रूप में हुई है। उसके पति का काफी समय पहले निधन हो चुका था। वह सैलाना में अकेली रहती थी। पुलिस के मुताबिक, सोहनबाई और पिपलौदा निवासी भरतलाल जाट के बीच पिछले 10 से 15 साल से प्रेम-प्रसंग था। महिला का भरतलाल के घर भी आना-जाना था, इसलिए उसके परिजन भी उसे जानते थे।
बातचीत के दौरान विवाद, फिर मारपीट
पिपलौदा थाना प्रभारी रंजीतसिंह सिंगार के मुताबिक, शुक्रवार शाम सोहनबाई भरतलाल से मिलने खेत पर पहुंची थी। वहां भरतलाल के अलावा उसका भतीजा राहुल जाट, चचेरा भाई बलराम जाट और राहुल की पत्नी सीमा भी मौजूद थे। किसी बात को लेकर महिला का उनसे विवाद हो गया। इसके बाद चारों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
डायल 112 पर कॉल के बाद पहुंची पुलिस
मारपीट के बाद राहुल जाट ने डायल 112 पर कॉल किया। पुलिसकर्मी ने फोन पर घटना के बारे में पूछा तो उसने बताया कि सैलाना की एक महिला उसके अंकल के पास आकर उन्हें परेशान करती है। सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां सोहनबाई जमीन पर घायल अवस्था में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। पुलिस के मुताबिक, महिला ने बताया कि भरतलाल जाट, राहुल जाट, बलराम जाट और सीमा जाट ने उसके साथ लकड़ी, डंडे और पाइप से मारपीट की थी।
पुलिसकर्मी उसे इलाज के लिए पिपलौदा स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां शुक्रवार देर रात उसकी मौत हो गई।
जमीन बेचने से मिले रुपए को लेकर विवाद की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भरतलाल जाट और उसके परिवार ने हाल ही में कोई जमीन बेची थी। पुलिस को आशंका है कि जमीन बेचने से मिले रुपए के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि सोहनबाई को जमीन बिक्री से मिले रुपयों की जानकारी थी और वह भरतलाल से रुपए मांग रही थी। इसी बात को लेकर खेत पर विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट की गई। हालांकि, विवाद के कारणों की जांच अभी जारी है।
महिला के चार बच्चे, सभी शादीशुदा
पुलिस के अनुसार, सोहनबाई की तीन बेटियां और एक बेटा है। चारों शादीशुदा हैं और अलग-अलग रहते हैं। शुक्रवार रात पुलिस ने महिला के बेटे राहुल, निवासी सेजावता, से संपर्क किया। राहुल मेडिकल कॉलेज पहुंचा और उसने अपनी मां की पहचान की। शनिवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद वह शव लेकर रवाना हुआ।
प्रेमी राउंडअप, तीन अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस ने भरतलाल जाट, राहुल जाट, उसकी पत्नी सीमा जाट और बलराम जाट के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय ने बताया कि भरतलाल जाट को राउंडअप कर लिया गया है। बाकी तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रेमी ने रिश्तेदारों के साथ मिल प्रेमिका को पीटा, मौत, रतलाम में प्रॉपर्टी के रुपए को लेकर विवाद, इलाज के दौरान तोड़ा दम
