खबर पक्की, 24 नवंबर, रतलाम। जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ रावटी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीयर से भरे दो वाहनों को पकड़ा है। पुलिस ने दोनों वाहनों से माउंटेन 6000 ब्रांड की 100 पेटी बीयर (करीब 1200 बल्क लीटर) बरामद की है। जब्त शराब और परिवहन में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप व महिंद्रा एक्सयूवी-500 की कुल कीमत करीब 22 लाख 88 हजार रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 8 लेन के रास्ते दो वाहनों में अवैध शराब भरकर ग्राम देवापाड़ा-चैनपुरा रोड से ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही रावटी थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष डावर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देवापाड़ा-चैनपुरा आम रोड पर घेराबंदी की।
इस दौरान आगे चल रही सफेद रंग की बोलेरो पिकअप और उसके पीछे आ रही सिल्वर रंग की महिंद्रा एक्सयूवी-500 को रोक लिया गया। पुलिस को देखकर बोलेरो पिकअप में सवार चालक और उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। वहीं एक्सयूवी कार चालक महेश पिता उदय सिंह कटारा (28), निवासी ग्राम परवलिया, थाना काकनवानी, जिला झाबुआ को पुलिस ने पकड़ लिया।
दस्तावेज नहीं मिले, तलाशी में मिली 100 पेटी बीयर
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से शराब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पंचों की मौजूदगी में दोनों वाहनों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 100 पेटी माउंटेन 6000 बीयर की केन बरामद हुईं। पुलिस ने शराब और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
कहां से लाई और कहां पहुंचाई जा रही थी शराब, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रावटी में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं एसडीओपी सैलाना आईपीएस लेखराज मीणा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष डावर, उपनिरीक्षक गल सिंह भावेल, सहायक उपनिरीक्षक पारसिंह वसुनिया, प्रधान आरक्षक आशीष धनक, आरक्षक अवधेश सिंह परमार एवं प्रेम कटारा की सराहनीय भूमिका रही।
100 पेटी अवैध बीयर के साथ दो वाहन पकड़े, 22.88 लाख का माल जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार, 8 लेन से होकर हो रही थी शराब की तस्करी
