• Mon. Nov 16th, 2026

एंबुलेंस में बैठकर सैलाना और ढोढर तक जाएं एमपीआरडीसी के अधिकारी, ब्रेकर से मरीजों को होने वाली तकलीफ महसूस करें : कलेक्टर कटेसरिया, सड़क सुरक्षा के मानकों के अनुरूप ही बनाए जाएं ब्रेकर, 8 लेन पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश

BySurendra Jain

Nov 16, 2026

खबर पक्की, 16 नवंबर, रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एमपीआरडीसी के अधिकारियों को सड़कों पर निर्धारित सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक ब्रेकर नहीं बनाए जाएं तथा साइड रोड पर आवश्यकता के अनुसार ही ब्रेकर बनाए जाएं। एक ही स्थान पर पांच ब्रेकर बनाने के बजाय दो ब्रेकर पर्याप्त हैं। इस संबंध में पूर्व में भी निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई।
बैठक में एमपीआरडीसी के अधिकारियों ने बताया कि जिले में 15 स्थानों पर ब्रेकर संबंधी कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि करीब 100 स्थानों पर कार्य शेष है। इस पर कलेक्टर ने एमपीआरडीसी के एजीएम मानवेंद्र कनेश एवं टोल मैनेजर आशीष मिश्रा को निर्देश दिए कि साइड रोड पर ही आवश्यकतानुसार ब्रेकर बनाए जाएं। ब्रेकर निर्माण के औचित्य पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार भी लगाई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं एंबुलेंस में बैठकर रतलाम से सैलाना और रतलाम से ढोढर तक की यात्रा करें। इस दौरान ब्रेकरों के कारण मरीजों को होने वाली परेशानी और दर्द को महसूस करें। यात्रा के फोटो एवं वीडियो भी साझा करें। अगली बैठक में इस संबंध में समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ब्रेकर सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक हैं, लेकिन उनका निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार ही होना चाहिए। छह इंच ऊंचे बड़े ब्रेकर नहीं बनाए जाएं तथा उनका कोण भी उचित रखा जाए, ताकि वाहन चालकों और एंबुलेंस में सफर करने वाले मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
8 लेन पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश
कलेक्टर ने एनएचएआई के अधिकारियों को 8 लेन पर आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन बोर्डों पर वाहन चालकों को सड़क पर झपकी आने अथवा नींद के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के प्रति सचेत करने वाले संदेश भी प्रदर्शित किए जाएं, ताकि वाहन चालक सतर्क रह सकें।
बैठक में बताया गया कि जिले में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में करीब 55 प्रतिशत दुर्घटनाएं महू-नीमच रोड पर हो रही हैं। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों एवं पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने, सड़क सुरक्षा के आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने तथा पुलिस को लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

कलेक्टर ने गुलाब चक्कर से बैरिकेड हटाने के निर्देश दिए, जनहित में लिया निर्णय, आमजन को आवागमन में मिलेगी सुविधा
कलेक्टर के निर्देश पर बंजली चौराहा एवं सेजावता फंटा के स्पीड ब्रेकर तत्काल हटाए गए, जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों का हुआ पालन, रतलाम-सैलाना-बांसवाड़ा मार्ग पर आवागमन होगा सुगम
नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह एवं सांस अभियान का शुभारंभ, कलेक्टर ने किया मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई का निरीक्षण, एसएनसीयू में भर्ती बच्चों की माताओं से चर्चा कर स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली, समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

You missed

error: Content is protected !!