खबर पक्की, 16 नवंबर, रतलाम। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक में रिंगनोद में पुस्तक वितरण में लापरवाही के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्राचार्य के विरुद्ध विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा समय पर निगरानी नहीं किए जाने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता का समर्थन नहीं किया जाए और दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई सुनिश्चित हो।
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में खनन गतिविधियों से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) मद से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा।
मंडी सचिव को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि मंडियों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं। किसानों को उपज बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनकी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक में डीएफओ अनुभा सिंह, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
रिंगनोद प्राचार्य पर विभागीय जांच के निर्देश, बीईओ के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव कमिश्नर को भेजें : कलेक्टर, खनन से क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की डीएमएफ मद से होगी मरम्मत, मंडियों में किसानों को असुविधा नहीं होने के दिए निर्देश
