खबर पक्की, 16 नवंबर, रतलाम। अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने रतलाम शहर में कार्रवाई शुरू की है। सोमवार को विभाग की टीम ने शहर में कबाड़ का व्यवसाय करने वाले व्यापारियों के गोदामों पर पहुंचकर देशी और विदेशी शराब की खाली बोतलों एवं पाव के संबंध में जानकारी ली। साथ ही कबाडिय़ों को हिदायत दी गई कि यदि कोई व्यक्ति उनसे शराब की खाली बोतलें खरीदने आता है तो तत्काल आबकारी विभाग को सूचना दें।
कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देश पर सहायक आबकारी आयुक्त श्री विकास मंडलोई के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने कबाडिय़ों को समझाइश दी कि शराब की खाली बोतलों का इस्तेमाल अवैध रूप से मदिरा तैयार करने में किया जा सकता है। इसलिए ऐसी बोतलों की खरीदी-बिक्री करने आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराएं। विभाग ने इसके लिए उन्हें संपर्क नंबर भी दिए हैं।
सैलाना ओवरब्रिज क्षेत्र में अवैध मदिरापान कराने वालों पर कार्रवाई
आबकारी विभाग की टीम ने सैलाना ओवरब्रिज स्थित मदिरा दुकान के आसपास भी कार्रवाई की। यहां अवैध रूप से लोगों को मदिरापान करवाने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह, सचिन भास्करे, प्रधान आरक्षक बनसिंह अहरे, रामचरण पवार, आबकारी आरक्षक वरुण चौहान तथा नगर सैनिक चेतराम मालवीय और श्रवण कुमार मकवाना शामिल रहे।
आबकारी विभाग की कार्रवाई : कबाडिय़ों के गोदामों पर पहुंची टीम, खाली शराब की बोतलों को लेकर दी सख्त हिदायत
