• Wed. Oct 21st, 2026

सफेद रेनकोट पहनकर आए 3 नकाबपोश चोर, ज्वेलर्स की दुकान से 2 लाख की आर्टिफिशियल ज्वेलरी और नकदी चोरी, चौमुखीपुल क्षेत्र में वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

BySurendra Jain

Oct 21, 2026

खबर पक्की, 21 अक्टूबर, रतलाम। सराफा बाजार से लगे चौमुखीपुल क्षेत्र में चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भंडारी ज्वेलर्स का ताला तोड़कर घुसे तीन चोर 2 लाख रुपए से अधिक कीमत की आर्टिफिशियल ज्वेलरी और करीब 20 हजार रुपए नकद चुरा ले गए। वारदात को अंजाम देने पहुंचे बदमाशों ने पहचान छिपाने के लिए सफेद रेनकोट पहन रखा था और चेहरों को कपड़े से ढक रखा था। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीनों संदिग्ध कैद हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
दुकान संचालक के अनुसार मंगलवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसी दुकानदार दिनेश सुराना ने फोन कर दुकान के दरवाजे का ताला टूटा होने की जानकारी दी। सूचना मिलने पर संचालक रजत भंडारी दुकान पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी के तीन-चार बॉक्स खाली मिले।
चोर दुकान से व्हाइट मेटल की पायल, कंदोरे और कडिय़ां सहित 2 लाख रुपए से अधिक कीमत के आभूषण ले गए। इसके अलावा गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपए नकद भी चोरी कर लिए।
वारदात का खुलासा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से हुआ है। फुटेज में तीन संदिग्ध दुकान के भीतर नजर आ रहे हैं। तीनों ने सफेद रेनकोट पहन रखे थे और चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। उनके हाथों में टॉर्च भी दिखाई दे रही है। फुटेज के मुताबिक, संदिग्ध बुधवार तड़के करीब 3:50 बजे दुकान के अंदर थे। पहचान छिपाकर वारदात को अंजाम देने का तरीका पुलिस की जांच का अहम हिस्सा है।
चौमुखीपुल क्षेत्र में चोरी की सूचना मिलते ही एएसपी राकेश पंद्रों, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने दुकान के अंदर और ऊपरी मंजिल पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा वारदात से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।
एएसपी राकेश पंद्रों ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। फुटेज में तीन आरोपी दिखाई दिए हैं। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाकर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकडऩे के प्रयास कर रही है।

error: Content is protected !!