• Mon. Oct 19th, 2026

कालिका माता मंदिर में अष्टमी पर रंग-गुलाल के बीच गरबा : रतलाम में 2 क्विंटल गुलाल से होली जैसा नजारा रहा; भजनों पर थिरकीं हजारों महिलाएं

BySurendra Jain

Oct 19, 2026

खबर पक्की, 19 अक्टूबर, रतलाम। शारदीय नवरात्रि की अष्टमी पर सोमवार तड़के रतलाम में मां कालिका माता मंदिर में रंग-गुलाल के बीच गरबा रास हुआ। हजारों की संख्या में माताओं व बहनों ने मां अंबे की भक्ति व आराधना में रंग-गुलाल के बीच गरबा खेला। इस दौरान होली जैसा नजारा रहा। गरबा भजनों के साथ मां अंबे की भक्ति में सभी झूम उठे। 2 क्विंटल जमकर रंग गुलाल उड़ाया गया।
अष्टमी का पर्व दो दिन मनाया जा रहा है। रविवार को भी कई लोग ने अष्टमी की पूजा अपने घरों में की। मां कालिका माता मंदिर में सोमवार को अष्टमी पर्व मनाया जाएगा। सुबह 10 बजे से यहां पर अष्टमी का हवन होगा। दोपहर 12 बजे से नवमी मनाते हुए कन्या पूजन कर 9 दिन तक गरबा रास करने वाली सभी माताओं व बहनों के लिए भंडारा होगा।
भगवा के साथ तिरंगा भी लहराया
गरबा रास में कोई काली तो कोई भारत माता का रूप के साथ अनेक रूप धारण कर युवतियां पहुंचीं। हाथों में भगवा झंडे के साथ तिरंगा लहराते हुए भी युवतियों ने गरबा रास किया। गरबा रास के दौरान युवतियों ने तलवार व अन्य शस्त्रों का भी प्रदर्शन किया। कालिका माता मंदिर ट्रस्ट के प्रवक्ता राकेश पोरवाल ने बताया हर साल की तरह परंपरा के अनुसार 2 क्विंटल रंग-गुलाल के बीच माताओं व बहनों ने गरबा खेला।
सुबह-शाम होता है गरबा
कालिका माता मंदिर परिसर में सालों से यहां गरबा रास का आयोजन किया जाता है। रतलाम में मात्र एक ही जगह सुबह 4 से 6 व रात 8 से 11 बजे तक गरबा रास का आयोजन होता है। मां कालिका का प्रतिदिन आकर्षक श्रृंगार किया जाता है।
सुबह से भक्तों की भीड़
गरबा रास देखने के साथ ही मां कालिका के दर्शन के लिए सुबह से मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ी। अष्टमी के हवन में भी यहां पर बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचेंगे।

You missed

error: Content is protected !!