• Wed. Oct 21st, 2026

टैंकर के नीचे लेटा किसान…6 सेकेंड बाद कुचलने से मौत, सामने आया सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमॉर्टम के लिए एंबुलेंस नहीं मिलने पर परिजन ने किया चक्काजाम

BySurendra Jain

Oct 21, 2026

खबर पक्की, 21 अक्टूबर, रतलाम। जिले के जावरा-उज्जैन मार्ग पर टैंकर से कुचलने से 28 वर्षीय किसान की मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह चापाखेड़ा फंटे के पास भारत पेट्रोल पंप के सामने हुई। इसका सीसीटीवी फुटेज देर रात सामने आया।
सीसीटीवी फुटेज में किसान खड़े टैंकर के क्लीनर साइड के पहियों के बीच जाकर लेटता दिखाई दे रहा है। घटना के करीब दो घंटे बाद लोगों ने सड़क किनारे उसका शव देखा।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान मांगीलाल प्रजापत (28) के रूप में हुई है। वह गुर्जर बरडिय़ा गांव में रहता था। परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे, 80 साल के पिता हैं। मां का निधन हो चुका है। युवक के पास एक से डेढ़ बीघा जमीन थी, जिस पर वह खेती करता था। अभी परिजन के बयान नहीं हो सके हैं।
सड़क किनारे दो टैंकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक टैंकर के पास मांगीलाल खड़ा नजर आता है। इसके बाद वह चलते हुए टैंकर के क्लीनर साइड के पहियों के बीच जाकर लेट जाता है। करीब 6 सेकेंड बाद टैंकर आगे बढ़ता है और उसे कुचलते हुए निकल जाता है।
घटना के दौरान सड़क से दूसरे वाहन और लोग भी गुजरते दिखाई दे रहे हैं। करीब दो घंटे बाद लोगों ने सड़क किनारे युवक का शव देखा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एमपीआरडीसी की एंबुलेंस पहुंची, तब ले गए शव
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बड़ावदा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी वहां पहुंच गए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जावरा ले जाने के लिए वाहन नहीं मिला तो परिजन और ग्रामीण नाराज हो गए। उन्होंने कुछ देर के लिए सड़क पर जाम लगा दिया।
बाद में पुलिस की समझाइश के बाद एमपीआरडीसी की एंबुलेंस पहुंची। इसके बाद शव को जावरा के सरकारी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
टैंकर के नीचे क्यों लेटा? पुलिस कर रही जांच
बड़ावदा थाना प्रभारी संतोष चौरसिया ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में युवक खुद खड़े टैंकर के पहियों के बीच जाकर लेटता दिखाई दे रहा है। इसके बाद टैंकर आगे बढ़ जाता है। पुलिस जांच कर रही है कि युवक टैंकर के नीचे क्यों लेटा था और क्या चालक को उसके वहां होने की जानकारी थी। परिजन से भी युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

error: Content is protected !!