खबर पक्की, 21 अक्टूबर, रतलाम। जिले के सैलाना नगर में दो दिन पहले सू स्टोर्स पर चप्पल के भाव को लेकर हुए विवाद में दुकानदार व उसके भाईयों के साथ मारपीट करने व दुकान पर तोडफ़ोड़ करने के मामले से व्यापारियों में आक्रोश है। आक्रोशित व्यापारियों ने व्यापारी महासंघ के आव्हान पर बुधवार को सैलाना बंद के आव्हान के तहत अपना कारोबार बंद रखकर घटना पर विरोध जताया। व्यापारियों ने रैली निकालकर सैलाना थाना प्रभारी को एसडीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, मामले में जानलेवा हमले की धारा बढ़ाने, सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने आदि की मांग की। उधर, पुलिस ने पांच आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया था, जिन्हें बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि 19 अक्टूबर की शाम सैलाना नगर के शू व्यापारी (जूते-चप्पल के दुकानदार) ताहेर बोहरा की सैलाना नगर के सदर बाजार में स्थित दुकान पर कुछ युवकों ने हाथों में लकडिय़ां लेकर तोडफ़ोड़ की थी तथा दुकानदार व उसके भाइयों के साथ मारपीट की थी। इससे दुकानदार, उसके भाई मुफ्फदल व चचेरे भाई बुरहान घायल हो गए थे। मुफ्फदल को सिर में चोट आने से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, जिसका वीडियो फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हाथों में लकडिय़ा लेकर मारपीट व तोडफ़ोड़ करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों आदि के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। वहीं घटना को लेकर सैलाना नगर के व्यापरियों में आक्रोश फैल गया। सैलाना व्यापारी महासंघ ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, जानलेवा हमले की धारा बढ़ाने आदि की मांग को लेकर बुधवार को सैलाना नगर बंद का आव्हान किया था। महासंघ के आव्हान पर व्यापारियों ने सुबह से दोपहर तक दुकानें व कारोबार बंद रखा। सुबह करीब 11 बजे राजवाड़ा चौक से व्यापारियों ने रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए सैलाना थाने पहुंचे तथा एसडीएम के नाम थाना प्रभारी दीपक मंडलोई को ज्ञापन सौंपा। महासंघ ने चेतावनी दी है कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो अनिश्चितकालीन बाजार बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
संपत्ति की जांच कर बुलडोजर चलाया जाए
ज्ञापन में मांग की गई है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह घटना फिर से न हो। दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर नामजद आरोपियों के अलावा अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए। आरोपियों की संपत्ति की जांच की जाए तथा अवैध संपत्ति होने पर उस पर बुलडोजर चलाया जाए। प्रकरण में जानलेवा हमले की धारा भी बढ़ाई जाए। ज्ञापन की प्रति कलेक्टर व एसपी को भी भेजी गई है।
शाम आकर की थी मारपीट व तोडफ़ोड़
दुकानदार ताहेर अली ने घटना के बादे सैलाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 19 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे आरोपी विदेसिंग निनामा ग्राम सांसर दुकान पर चप्पल खरीदने आया था, सौदा नहीं जमने पर वह चला गया था। शाम करीब छह बजे वह वापस दुकान के बाहर आकर चिल्लाचोट कर कहने लगा था कि बहुत मोल-भाव करता है, अभी दोस्तों कपिल, राहुल को लेकर आता हूं। इसके बीस मिनट बाद आरोपी विदेसिंह निनामा, राहुल निनामा निवासी ग्राम आंबाकुड़ी, कपिल निनाना निवासी ग्राम इंद्रावल खुर्द अन्य हाथों में लकडिय़ां लेकर आए थे और गाली-गलोच करने लगे थे, मना करने पर मारपीट व तोडफोड़ शुरू कर दी थी। मारपीट में मेरे हाथ, भाई मुफ्फदल के सिर व बीच-बचाव करने आए चचेरे भाई बुरहान के हाथ पर चोट आई थी। अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी धमकी देकर भाग गए थे। ताहेर अली की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की धारा में 296 (बी), 115 (2), 351 (3), 324 (4), 3 (5) के तहत प्रकरण दर्ज किया था।
पांच आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा
पुलिस के अनुसार आरोपी विदेसिंह निनामा, राहुल निनामा, कपिल निनामा, करण व अनिल डिंडोर को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया था। उनके कब्जे से दो बाइक व घटना में प्रयुक्त लकडिय़ा जब्त की गई है। पांचों आरोपियों को बुधवार दोपहर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पांचों को जेल भेज गया। घायलों को मेडिकल परीक्षण कराया गया है और प्रकरण में बीएनएस की धारा 191 (2) व 331 बढ़ाई गई है। मामले की विवेचना की जा रही है।
तोडफ़ोड़ व मारपीट के विरोध में सैलाना के व्यापारियों ने कारोबार बंद रखा, पांच आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा
