• Wed. Oct 21st, 2026

रतलाम कृषि उपज मंडी में तोल में बड़ी गड़बड़ी, 10 क्विंटल से ज्यादा कम निकला प्याज, किसानों ने किया धरना प्रदर्शन

BySurendra Jain

Oct 21, 2026

खबर पक्की, 21 अक्टूबर, रतलाम। शहर की महू रोड स्थित कृषि उपज मंडी में किसानों की उपज के तोल में बड़ी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। तुलावटी के दौरान एक किसान के प्याज का वजन 10 क्विंटल से अधिक कम निकलने पर किसानों में भारी आक्रोश फैल गया। चार दिन तक उचित समाधान न मिलने पर बुधवार को किसानों ने तोल कांटे पर धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, ग्राम धानासुता के किसान अशोक राठौड़ चार दिन पूर्व 16 अक्टूबर (शुक्रवार) को अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में प्याज भरकर कृषि उपज मंडी पहुंचे थे। मंडी में तुलावटी (वजन) के दौरान उनके प्याज का वजन 10 क्विंटल 50 किलो कम निकला।
मंडी प्रशासन की अनदेखी पर फूटा गुस्सा
पीडि़त किसान ने तुरंत मंडी सचिव के.के. नरगांवे से इसकी शिकायत की थी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई संतोषजनक समाधान नहीं निकला और न ही संबंधित तोल कांटे पर कोई कार्रवाई की गई। इससे नाराज होकर बड़ी संख्या में किसान बुधवार को उसी तोल कांटे पर धरने पर बैठ गए और मंडी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
सत्यापन के बाद समाप्त हुआ धरना
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी सचिव के.के. नरगांवे ने नापतोल विभाग के अधिकारी भरत भूषण को मौके पर बुलाया। अधिकारियों द्वारा तोल कांटे की जांच व सत्यापन किए जाने के बाद किसानों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त किया। किसानों ने मांग की है कि इस तरह की गड़बडिय़ां करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में अन्नदाताओं को नुकसान न उठना पड़े।

error: Content is protected !!