खबर पक्की, 2 अक्टूबर, रतलाम। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर नगर निगम चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री चैतन्य काश्यप ने माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी गांधी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
माल्यार्पण कार्यक्रम के पश्चात सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जन अभियान परिषद के माध्यम से ‘नमो सेवा : अनकही कहानियांÓ नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम नागरिकों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विगत 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में किए गए कार्यों एवं उनके योगदान से परिचित कराया गया।
नुक्कड़ नाटक में प्रभावी संवाद, अभिनय एवं प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों तथा उनके द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों को दर्शाया गया। प्रस्तुति का उद्देश्य आम नागरिकों तक इन कार्यों एवं अनुभवों की जानकारी सहज, सरल एवं रोचक माध्यम से पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण के भाव से जुड़ी कहानियों से परिचित कराया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में जन अभियान परिषद के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुति द्वारा जनजागरूकता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित माल्यार्पण कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों एवं पत्रकारों की सहभागिता रही।
इस अवसर पर जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य प्रदीप उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, क्षितिज भट्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में आम नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
गांधी जयंती पर मंत्री काश्यप ने गांधी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘नमो सेवा – अनकही कहानियांÓ नुक्कड़ नाटक का हुआ आयोजन
