• Tue. Nov 17th, 2026

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रफ्तार का कहर, कार रेलिंग तोड़ खाई में गिरी, पिता की मौत, पत्नी और दो बेटे घायल

BySurendra Jain

Nov 17, 2026

खबर पक्की, 17 नवंबर, रतलाम। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग और क्रैश बैरियर तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार साबिर (60) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बेटे घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसा 17 नवंबर की सुबह करीब 5.30 बजे शिवगढ़ थाना क्षेत्र के वालारुंडी के पास हुआ। कार में मुंबई के मीरा रोड निवासी एक ही परिवार के चार सदस्य सवार थे। परिवार मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है और मुंबई से कानपुर जा रहा था।
कार में साबिर (60) पिता हसन अली, उनकी पत्नी नसीम (45) और दोनों बेटे सैफ (30) व जैद (25) सवार थे। परिवार सोमवार शाम करीब 4 बजे मुंबई से रवाना हुआ था। मंगलवार सुबह वालारुंडी के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे लगी रेलिंग और क्रैश बैरियर से टकराने के बाद खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर गश्त कर रही पेट्रोलिंग टीम ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने साबिर को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बेटों का उपचार जारी है।
नींद की झपकी आने की आशंका
फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लंबी यात्रा के दौरान चालक को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित हुई होगी। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Related Post

कलेक्टर ने गुलाब चक्कर से बैरिकेड हटाने के निर्देश दिए, जनहित में लिया निर्णय, आमजन को आवागमन में मिलेगी सुविधा
कलेक्टर के निर्देश पर बंजली चौराहा एवं सेजावता फंटा के स्पीड ब्रेकर तत्काल हटाए गए, जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों का हुआ पालन, रतलाम-सैलाना-बांसवाड़ा मार्ग पर आवागमन होगा सुगम
नवजात शिशु सुरक्षा सप्ताह एवं सांस अभियान का शुभारंभ, कलेक्टर ने किया मातृ एवं शिशु चिकित्सा इकाई का निरीक्षण, एसएनसीयू में भर्ती बच्चों की माताओं से चर्चा कर स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली, समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

You missed

error: Content is protected !!